मुख्यपृष्ठअपराधमहाराष्ट्र का मोस्ट वांटेड सतीश भोंसले उर्फ खोक्या प्रयागराज से गिरफ्तार!

महाराष्ट्र का मोस्ट वांटेड सतीश भोंसले उर्फ खोक्या प्रयागराज से गिरफ्तार!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

महाराष्ट्र का मोस्ट वांटेड सतीश भोंसले उर्फ खोक्या को प्रयागराज एयरपोर्ट से पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। वह एयरपोर्ट से कहीं भागने की फिराक में था। खोक्या महाराष्ट्र के बीड जिले का मोस्ट वांटेड है। साथ ही महाराष्ट्र के भाजपा विधायक सुरेश धस का बेहद करीबी बताया जाता है। प्रयागराज पुलिस से महाराष्ट्र पुलिस ने सतीश खोक्या की गिरफ्तारी के लिए इनपुट भेजा था। बुधवार को प्रयागराज एयरपोर्ट पर पुलिस ने महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर उसकी घेराबंदी की थी। वह एयरपोर्ट पहुंचता इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सतीश भोंसले बीड जिले में हत्या के प्रयास के अलावा दो मामलों में वांटेड था। उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है। खोक्या उस समय खासा चर्चा में आया था जब उसका एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में खोक्या अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक शख्श पर क्रिकेट बैट से हमला करते दिख रहा था। डीसीपी, प्रयागराज अभिषेक भारती ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने सतीश भोंसले के बारे में इनपुट भेजे थे। उस आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र पुलिस प्रयागराज के लिए रवाना हो चुकी है। पहुंचने पर खोक्या को उनके हवाले कर दिया जाएगा।
महाराष्ट्र पुलिस प्रयागराज पहुंचकर उसे कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर उसे अपने साथ ले जाएगी। बता दें कि 8 मार्च 2025 को बीड के शिरुर कस्बे के पास झापेवाड़ी शिवरा में सतीश भोंसले उर्फ ​​खोक्या के घर पर वन विभाग की टीम ने छापा मारा था। सतीश भोंसले के घर से जंगली जानवरों का मांस और शिकार के उपकरण मिले थे। खोक्या पर 200 हिरणों के शिकार का भी आरोप है। जिला वन अधिकारी समेत वन विभाग के 40 कर्मचारियों ने यह कार्रवाई की थी। मारिजुआना जैसा दिखने वाला पदार्थ के दो पैकेट भी मिले थे। मनबढ़ किस्म के सतीश भोंसले उर्फ खोक्या का कार के बोनट पर खड़े होकर हवा में नोट उड़ाने का भी वीडियो वायरल हुआ था।

अन्य समाचार