– प्रगति की समीक्षा के लिए सरकार लाएगी कंस्ट्रक्शन ट्रैकर
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई समेत महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में अस्पतालों की इमारतों के निर्माण कार्य कछुआ गति से चल रहे हैं। इसे लेकर जब विपक्षी दलों के सदस्यों ने विधानसभा में प्रश्नोत्तर काल में सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा तो स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य विभाग के संस्थानों की इमारतों का निर्माण कार्य चल रहा है। इन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए कंस्ट्रक्शन ट्रैकर लगाया जाएगा। इसके माध्यम से ऑनलाइन तरीके से समीक्षा कर अस्पतालों की इमारतों का निर्माण कार्य तय समय में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागपुर जिला अस्पताल का काम तीन महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
विधानसभा में सदस्य प्रवीण दटके ने नागपुर जिला अस्पताल का मुद्दा उठाया था। इस चर्चा में सदस्य विकास ठाकरे ने भी भाग लिया। इसके जवाब में सार्वजनिक स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर ने कहा कि नागपुर जिला अस्पताल १०० बेड का है। इस अस्पताल के लिए २०२ पदों का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। इनमें से १९७ पदों को भरा जा रहा है, जिनमें से १०८ नियमित और ८९ आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाएंगे। भविष्य में अस्पताल में १०० और बेड बढ़ाए जाने पर १५४ अतिरिक्त पदों का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया है।
राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर ने कहा कि इस अस्पताल में उपकरणों, स्वच्छता आदि के संबंध में निविदा प्रक्रिया चलाई जा रही है। अस्पताल के निर्माण की गुणवत्ता के संबंध में जांच की जाएगी। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल के निर्माण में हुई देरी के लिए जिम्मेदार लोगों की भी जांच की जाएगी।