सामना संवाददाता / मुंबई
बीते कुछ दिनों की तुलना में कल मुंबई में प्रदूषण के स्तर में वृद्धि हुई। अंधेरी में वायु की गुणवत्ता ‘खराब’ दर्ज की गई। ‘सफर ऐप’ के अनुसार, कल सुबह मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक १२५ पर पहुंच गया था। इस बीच पिछले दो महीनों से मुंबई की वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ था। कई इलाकों में ‘संतोषजनक’ वायु की गुणवत्ता दर्ज की गई थी। हालांकि, कल मुंबई में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।
कुछ दिन पहले मुंबई मनपा और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के कारण मुंबई की हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ था। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार, कल सुबह अंधेरी में वायु गुणवत्ता सूचकांक २९३ था। इसी तरह देवनार में २००, घाटकोपर में ११४, बोरीवली में १२२, भांडुप में १२८, मलाड में १७८, नेवी नगर कोलाबा में १३० और शिवड़ी में १२४ वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। इससे पहले पिछले कई दिनों से मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक ७८-१०० के बीच था। पहले से ही गर्मी और लू की मार से मुंबईकर परेशान थे। अब हवा के भी जहरीले होने से मुंबईकरों की समस्याओं में और इजाफा हुआ है। सोशल मीडिया पर कल मुंबई की आबोहवा को लेकर जोरदार बहस हुई।