विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
रामनगरी अयोध्या के पड़ोस में बसी महाराज कुश की नगरी सुल्तानपुर में फाल्गुन पूर्णिमा होली के दिन शुक्रवार को पहली बार नृसिंह भगवान की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकली, जिसमे भगवाध्वज थामे रंग-अबीर-गुलाल उड़ाते श्रद्धालुओं का बड़ा हुजूम उमड़ पड़ा। होली खेलने निकले होलियारों के झुंड भी इस शोभायात्रा में शामिल हो गए और फूलों की अलौकिक-अतुलनीय होली जमकर खेली गई।
इसबार आरएसएस की पहल पर कुशनगरीवासियों ने एक नई परंपरा की नींव डाली।
रंगों के महापर्व होली के अवसर पर नृसिंह भगवान की शोभायात्रा का प्रारंभ हुआ। ध्वज वंदना और भगवान की आरती के बाद सनातनियों और स्वयंसेवकों ने सनातन का जयघोष किया। चौक में सूक्ष्म सभा के दौरान संघ विभाग संघचालक डा. एके सिंह ने कहा कि होली..अच्छाई की बुराई पर जीत और भक्त-भगवान के प्रेम का प्रतीक है। नृसिंहावतार दर्शाता है कि भगवान सर्वत्र विद्यमान हैं। संतों ने प्राकृतिक रंगों से होली खेलने का आह्वान आमजनमानस से किया। इसके बाद होली का आह्लाद उमड़ पड़ा। नृसिंह भगवान की शोभायात्रा चौक से ठठेरी बाजार, पंचरास्ता,सब्जी मंडी, जिला अस्पताल चौराहा, आगरा मिष्ठान भंडार चौराहा, जीएन रोड, बड़ा डाकखाना, पंचमुखी हनुमान मंदिर चौराहा, शाहगंज चौराहा होते हुए पुनः चौक पहुंचकर विसर्जित हो गई। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा की अगवानी की। अबीर-गुलाल उड़ते रहे। शोभायात्रा में संघ विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश, जिला प्रचारक आशीष, नगर प्रचारक विकास, विभाग सह संघचालक अजय गुप्त, नगर संघचालक अमरपाल सिंह, पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, डॉ. एमपी सिंह, पूर्व बीजेपी जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह सहित अनेक महत्वपूर्ण लोग उपस्थित रहे।