मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में प्रतिदिन हो रही है ७०० एमएलडी पानी की चोरी

मुंबई में प्रतिदिन हो रही है ७०० एमएलडी पानी की चोरी

चोरी रोकने के लिए लगाई जाएगी अत्याधुनिक प्रणाली उद्योग मंत्री ने दी जानकारी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में प्रतिदिन ३,८५० एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही है, जिसमें से ७०० एमएलडी पानी चोरी हो जाता है। पानी की इस चोरी को रोकने के लिए पाइप लाइन में अत्याधुनिक प्रणाली लगाई जाएगी। इससे कंट्रोल रूम में ही पता चल जाएगा कि पानी की चोरी या रिसाव कहां हो रहा है या किसने अतिरिक्त कनेक्शन लिया है। यह प्रणाली तैयार करने के निर्देश मनपा को दिए जाएंगे। इस तरह की जानकारी उद्योग मंत्री उदय सामंत ने विधान परिषद में दी।
विधान परिषद सदस्य राजहंस सिंह ने सदन में मुंबई में अपर्याप्त पानी की आपूर्ति और विभिन्न इलाकों में हो रही पानी की चोरी को रोकने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि मुंबई की आबादी बढ़ रही है, ऐसे में उन्हें पानी की आपूर्ति वैâसे की जाएगी? इसमें कुर्ला, मानखुर्द और मालवणी में मनपा कर्मचारियों की मिलीभगत से पानी की चोरी होती है। दूसरी ओर मार्च महीने में मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले जलाशयों में पानी का स्तर कम हो गया है। इस पर क्या उपाय किए जाएंगे, इस तरह के सवाल भी राजहंस सिंह ने उठाए। इस चर्चा में भाई जगताप, प्रवीण दरेकर ने भी हिस्सा लिया।
समुद्र से पीने योग्य पानी प्रोजेक्ट की जारी होगी निविदा
समुद्र के पानी को प्रोसेस करके पीने योग्य बनाने वाला पायलट प्रोजेक्ट मुंबई मनपा द्वारा शुरू किया जाएगा। इसके लिए मनपा ने ४०० करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इससे ४०० एमएलडी पानी उपलब्ध होगा। इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा करके मुंबई की पानी की कमी दूर की जाए। इस तरह की मांग सदस्य अनिल परब ने की। इस पर उदय सामंत ने आश्वासन दिया कि इस सत्र के समाप्त होने के बाद तुरंत अंतर्राष्ट्रीय निविदा जारी की जाएगी और प्रोजेक्ट का काम शुरू करने के निर्देश मनपा को दिए जाएंगे।

गारगई प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगेंगे और चार साल
मुंबई में दिन-प्रतिदिन बढ़ती जनसंख्या के कारण पानी की आपूर्ति बढ़ानी पड़ेगी। इसके लिए २०१३ में गारगई प्रोजेक्ट विकसित करने की मुंबई मनपा ने अनुमति दी थी। इस बीच बताया गया है कि इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में और चार साल लगेंगे। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद मुंबई को लगभग ४४० एमएलडी अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा। इससे मुंबई में पानी की कमी काफी हद तक कम हो जाएगी। यह जानकारी उदय सामंत ने दी।

अन्य समाचार