मुख्यपृष्ठअपराधकड़ी मशक्कत के बाद घाटकोपर पुलिस ने किया गिरफ्तार...हत्या के प्रयास का...

कड़ी मशक्कत के बाद घाटकोपर पुलिस ने किया गिरफ्तार…हत्या के प्रयास का आरोपी 30 साल से था फरार

अशोक तिवारी / मुंबई

कहते हैं कि इंसान के कर्म कभी भी उसका पीछा नहीं छोड़ते हैं। इंसान छुपने की कितनी भी कोशिश करें, लेकिन उसके कर्म उसे पूरे ब्रह्मांड में ढूंढ लेते हैं और कर्मों के अनुसार उसे फल भी जरूर देते हैं। इसी तरह का एक मामला घाटकोपर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत प्रकाश में आया है । जहां पर हत्या के प्रयास का आरोपी 30 वर्षों से फरार था, लेकिन घाटकोपर पुलिस ने उसे ढूंढ़ निकाला और गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घाटकोपर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अविनाश कालदाते ने बताया कि घाटकोपर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत वर्ष 1989 में जयंत उर्फ जयवंत गंगाराम जाधव पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस में इस मामले में उसे गिरफ्तार किया था। कुछ महीने बाद अदालत ने उसे जमानत पर रिहा किया। इसके बाद वह फरार हो गया और 30 वर्षों से पुलिस तथा अदालत को चकमा दे रहा था। न्यायालय के आदेश पर घाटकोपर पुलिस ने एक टीम बनाई और कई महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी जयंत उर्फ जयवंत जाधव को घाटकोपर-पश्चिम की दयासागर नामक झोपड़पट्टी से धरदबोचा। पुलिस बचने के लिए आरोपी ने अपना हुलिया और पहचान दोनों बदल दिया था, लेकिन पुलिस ने आधार कार्ड तथा अन्य तकनीकी जांच के बाद आरोपी का फिंगरप्रिंट भी मिलाया और जानकारी की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया । जहां से न्यायालय ने उसे 1 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अन्य समाचार