मुख्यपृष्ठनए समाचारशिवराज जी विदिशा ने आपको बहुत ऊंचाई पर पहुंचाया, लेकिन विकास के...

शिवराज जी विदिशा ने आपको बहुत ऊंचाई पर पहुंचाया, लेकिन विकास के लिए तरस रहा शहर..!..विमल प्रकाश तारण ने लिखी शिवराज जी के नाम खुली पाती

दीपक तिवारी / विदिशा

विदिशा के जनसंघ जमाने के वरिष्ठ कार्यकर्ता विमल प्रकाश तारण की सोशल मीडिया पर एक पोस्ट फिर वायरल हो रही है, शिवराज जी के नाम खुली पाती। क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को संबोधित चिठ्ठी बहुत चर्चा में है।
इसमें लिखा है कि 1991 से लगातार आप विदिशा क्षेत्र से जुड़े रहे और 6 बार सांसद, 1 बार विधायक का चुनाव भी विदिशा से जीते, 17 साल प्रदेश के मुखिया (मुख्यमंत्री) भी रहे। विदिशा को आपने अपनी कर्मभूमि माना। मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से विकासशील राज्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। विदिशा के एक-एक कार्यकर्ता को आप व्यक्तिगत रूप से उनकी कार्यक्षमता को निकट से जानते हैं।
विदिशा नगर में विकास तो हुआ है, किंतु जैसा होना चाहिए, वैसा नहीं हो पाया है। नगर के बाहर तो सड़कों का निर्माण, नदियों पर ब्रिज बने हैं, ढोलखेड़ी चौराहे का जोरदार विकास, रिंग रोड, बाईपास, जम्बार बागरी उदयगिरी, सांची रोड की शानदार सीमेंट कांक्रीट की सड़कें देखते ही बनती हैं।
ट्रिपल इंजन की सरकार-केंद्र, प्रदेश, नगरीय क्षेत्र में भारी बहुमत की सरकार है। विदिशा नगरपालिका भी पिछले 21 वर्षों से भाजपा के कब्जे में है, यहां का विकास कैसा है? यह देखते ही बनता है। विदिशा जिले की जीवन दायनी बेतवा नदी अपनी दयनीय अवस्था पर आंसू बहा रही है। नगर में फैला अतिक्रमण ऐसा है कि बस प्रशासन, नेतृत्व कुंभकर्णी नींद में बेखबर है। गड्ढे वाली सड़कें, गलियां आए दिन दुर्घटना का शिकार जनता झेल रही है। विदिशा में वृहद अटल उद्यान पूरी तरह उजड़ा पड़ा है। कचरा वाहन 49 वाहन तो हैं, किंतु अनेक जगह कचरे के ढेर स्वच्छता अभियान को धता बता रहे हैं।
नाले, नालियां गंदगी, कचरे से भरी हैं। विदिशा में अनेक वार्डों में बरसात के समय स्थायी बाढ़ की समस्या बन गई है।
यातायात व्यवस्थित नहीं है, सिग्नल लगे हैं, किंतु चालू नहीं हैं, मेन बाजार में जाम की स्थिति चाहे जब हो जाती है। नगर में अवैध शराब, नशीली वस्तुओं का खुलेआम विक्रय, सट्टा-जुआ पर कोई रोक नहीं है। श्रीमान शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि विकास मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, क्षेत्रीय सांसद महोदय, क्या उक्त समस्याओं पर गंभीरता से हल कराएंगे या उक्त समस्याएं भुगतने के लिए विदिशा की जनता चुप बैठी रहेगी? कृपया इस निवेदन को गंभीरता से लें।

अन्य समाचार