मुख्यपृष्ठनए समाचारप्रधानी के चुनाव को लेकर छिड़ी वर्चस्व की जंग में ट्रिपल मर्डर...

प्रधानी के चुनाव को लेकर छिड़ी वर्चस्व की जंग में ट्रिपल मर्डर से फतेहपुर थर्राया!

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

फतेहपुर के हथगाम थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह पिता-पुत्र और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद तीन थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गयी, लेकिन देर शाम तक कोई हमलावर गिरफ्तार नहीं हो सका। गुस्साए लोगों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। बाद में एसपी ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। पुलिस ने तीन नामजद हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।

हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव निवासी भारतीय किसान यूनियन के नेता पप्पू सिंह (50) मंगलवार की सुबह बाइक से तहिरापुर चौराहा गए थे। वहां से गांव लौटते समय सुबह करीब 8:30 बजे रास्ते में गांव के पूर्व प्रधान मुन्नू सिंह का बेटा पीयूष सिंह ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। रास्ते से बाइक और ट्रैक्टर निकालने को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। इस बीच पप्पू सिंह ने फोन कर अपने पुत्र अभय सिंह को बुलाया तो पीयूष सिंह ने भी अपने पिता मुन्नू सिंह के साथ कुछ लोगों को बुला लिया। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि पप्पू सिंह और उनके बेटे अभय सिंह (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद चीख-पुकार सुनकर पप्पू सिंह का छोटा भाई रिंकू सिंह (40) मौके पर पहुंचा तो उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताते हैं कि 20 से 25 राउंड गोलियां चलीं। तीनों लोगों की हत्या के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की खबर गांव पहुंची तो पप्पू सिंह के परिवार में कोहराम मच गया।

वारदात की सूचना मिलते ही हथगाम, हुसेनगंज और सुल्तानपुर घोष थाने का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। परिवार और गांव वालों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और घरों में बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने आश्वासन दिया कि मुकदमा दर्ज कर शीघ्र ही हत्यारोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। करीब 12 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। एसपी ने बताया कि तिहरे हत्याकांड में छह लोग नामजद किए गए हैं, जिनमें तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

वारदात की सूचना मिलने के बाद प्रयागराज जोन के एडीजी भानु भास्कर और आईजी प्रेमकुमार भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लेने के बाद हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। बताते हैं कि अखरी गांव के दो ठाकुर परिवारों के बीच वर्चस्व की जंग चल रही है। प्रधानी के चुनाव से दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी के घाव गहरे हो गए थे। मौजूदा समय में पप्पू सिंह की मां रामदुलारी सिंह अखरी की प्रधान हैं। इसके पहले मुन्नू सिंह ग्राम प्रधान रह चुका है। भाकियू नेता होने के लिहाज से पप्पू सिंह की गांव वालों के बीच पकड़ मजबूत थी, जिससे मुन्नू सिंह का वर्चस्व कमजोर हो रहा था। इसी को लेकर रंजिश चल रही थी।

अन्य समाचार