राधेश्याम सिंह / विरार
क्राइम ब्रांच सेल 3, विरार (मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय) ने ड्रग्स बेचने वाले एक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम डीसीपी अविनाश अंबुरे और एसीपी मदन बल्लाल के मार्गदर्शन में यूनिट 3 के पुलिस निरीक्षक शाहूराज रणवरे के नेतृत्व में एपीआई सुहास कांबले की टीम ने की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 11 अप्रैल 2025 को रात्रि गश्त के दौरान, पुलिस निरीक्षक शाहूराज रणवरे द्वारा अपराधियों पर नजर रखने तथा अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करने के संबंध में दिए गए निर्देशों के अनुसार,सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबले पुलिस टीम के साथ नालासोपारा पूर्व क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। लगभग एक बजे, आचोले पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर कैपिटल मॉल के पास एक नाइजीरियन व्यक्ति संदिग्ध व्यवहार कर रहा था। सहायक पुलिस निरीक्षक सुहास कांबले ने उक्त नाइजीरियन व्यक्ति को मौके पर ही रोक लिया। 36 वर्षीय आरोपी नाइजीरियन सेक्टर 6 एवरशाइन सिटी, वसई-पूर्व में रहता है। लेकिन जब उससे उक्त स्थान पर उपस्थित होने का कारण पूछा गया, तो वह सही जवाब नहीं दे पाया। उक्त व्यक्ति पर संदेह बढ़ने पर उसे हिरासत में लिया। नाइजीरियन व्यक्ति की दो पंचो के समक्ष तलाशी ली गई तो उसके पास से 46 ग्राम वजन का हल्का भूरा पाउडर मेफोड्रोन (एम.डी.) जिसकी कीमत 11,50,000 रुपए बताई जा रही है। आरोपी नाइजीरियन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में आचोले पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।