अशोक तिवारी / मुंबई
उत्तर प्रदेश में चल रहे बुलडोजर की तर्ज पर अब मुंबई में भी मनपा बुलडोजर चलाने लगी है, लेकिन कुर्ला एल वॉर्ड के अंतर्गत आने वाले चांदीवली के लॉजिंग और बोर्डिंग पर बुलडोजर चलाए जाने से नाराज होटल के कर्मचारी पिछले 20 दिनों से आजाद मैदान पर धरने पर बैठे हैं। धरने पर बैठे लोगों की हालत बिगड़ती जा रही है, लेकिन प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। होटल एंड गेस्ट हाऊस एसोसिएशन के इमरान अली बहादुर खान का कहना है कि पिछले 30 साल से होटल चला रहे हैं। अभी तक ये अवैध नहीं थे, अब अचानक ये कैसे अवैध हो गए। महानगरपालिका के अधिकारियों ने होटल बनाने के समय कार्रवाई क्यों नहीं की।
उनका आरोप है कि राजनैतिक दबाव और ब्लैकमेल करने के लिए ये कार्रवाई की जा रही है।मनपा प्रशासन पर आरोप लगाते हुए खान ने कहा कि 20 दिन हो गए उपोष्ण पर बैठे लोगों की हालत बिगड़ती जा रही है, लेकिन किसी ने उपोष्णकर्ताओं से मिलना मुनासिब नहीं समझा। अनशन पर बैठी मोरे नामक महिला को चक्कर आ गया और वो बेहोश हो गई। बता दें कि पिछले दिनों कुर्ला एल वॉर्ड पर मोर्चा निकाला गया था। भूख हड़ताल पर बैठे लोगों की मांग है कि लॉजिंग एंड बोर्डिंग पर की जा रही कार्रवाई तत्काल रोकी जाए।
खान ने आरोप लगाया कि चांदीवली विभाग में सैकड़ों लेडीज बार हैं, अवैध निर्माण हैं, उन पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उन पर भी कार्रवाई की जाए।