मुख्यपृष्ठनए समाचारमुख्यमंत्री ने किया कबूल ...गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं से अछूता है दुर्गम...

मुख्यमंत्री ने किया कबूल …गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं से अछूता है दुर्गम क्षेत्र! …प्रौद्योगिकी की सहायता से पहुंचने का निर्देश

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जाने अनजाने में कल यह कबूल किया कि राज्य के दुर्गम क्षेत्र आज भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से अछूते हैं। ऐसे में उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया है कि प्रौद्योगिकी की मदद से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने का कार्य करें। उनके इस कबूलनामे से महाराष्ट्र में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की एक तरह से पोल खुल गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में २२वें मुंबई लाइव एंडोस्कोपी अवॉर्ड २०२५ का वितरण किया गया। इस अवसर पर डॉ. अमित मायदेव, डॉ. तरंग ग्यानचंदानी समेत देश-विदेश के डॉक्टर उपस्थित थे। इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह दावा किया कि महाराष्ट्र स्वास्थ्य सेवा सुविधाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। राज्य में सभी प्रकार की गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। यह गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा समाज के अंतिम छोर पर अति दुर्गम क्षेत्रों में रहनेवाले व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। इसके लिए डॉक्टरों और विशेषज्ञों की मदद आवश्यक है और आज की प्रौद्योगिकी की मदद से हम इस अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा सकते हैं। उनके इस बयान ने यह साबित कर दिया कि भले ही वे दावा कर रहे हैं कि राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है, लेकिन उन्होंने छिपे शब्दों में यह भी साफ कर दिया कि आज भी दुर्गम क्षेत्रों में पुरानी स्वास्थ्य सेवाओं का ही इस्तेमाल किया जा रहा है।
एंडोस्कोपी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देनेवाले डॉक्टरों को इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस के हाथों विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसमें महाराष्ट्र की डॉ. राधिका चव्हाण को ‘वुमन इन एंडोस्कोपी’ अवॉर्ड, चंडीगढ़ के डॉ. सुरेंदर राणा को ‘एंडोस्कोपी एजुकेटर’ अवॉर्ड, ओडिशा के डॉ. आशुतोष मोहपात्रा को ‘लीडर प्रâॉम टायर २/३ सिटीज’ अवॉर्ड, राजस्थान के डॉ. मुकेश कल्ला को ‘लीडरशिप’ अवॉर्ड, चंडीगढ़ के डॉ. जयंत सामंता को ‘इम्पैक्टफुल पब्लिकेशन’ अवॉर्ड, महाराष्ट्र के डॉ. अमोल बापये, तेलंगाना के डॉ. मोहन रामचंदानी को ‘टेक्निकल स्किल’ अवॉर्ड और महाराष्ट्र के डॉ. प्रवीण सूर्यवंशी को ‘एंडोस्कोपी फॉर सर्जन’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
बड़ी संख्या में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता
मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी कहा कि देश के प्रत्येक व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं मिलना अत्यंत आवश्यक है। इसके तहत गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का हमारा प्रयास है। पिछले दो वर्षों में महाराष्ट्र में दस नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की गई है इसलिए हमें बड़ी संख्या में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता है।

अन्य समाचार