मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति सरकार कर रही भाषा के साथ खिलवाड़! ... मराठी स्कूलों को खत्म...

महायुति सरकार कर रही भाषा के साथ खिलवाड़! … मराठी स्कूलों को खत्म करने की है साजिश

 

– कांग्रेस का सरकार पर हमला

सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की महायुति सरकार मराठी स्कूलों को खत्म करने की योजना बना रही है। शिक्षा महंगी होती जा रही है और मातृभाषा में पढ़ाई बंद करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। यह राज्य सरकार की क्रूरता का उदाहरण है। एक ओर मराठी भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया जाता है और दूसरी ओर अब उसी भाषा को दबाने की कोशिश की जा रही है। ऐसा गंभीर आरोप कांग्रेस ने महायुति सरकार पर लगाया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि संविधान विविधता की विशेषता है और क्षेत्रीय भाषाओं का सम्मान होना चाहिए। दक्षिण भारतीय राज्यों का हिंदी भाषा को लेकर अलग नजरिया है। मराठी भाषा हमारे लिए अस्मिता है। सरकार भाषा के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाजपा क्षेत्रीय भाषाओं को समाप्त कर शासन करना चाहती है। यह सरकार भाषा के ऊपर बुलडोजर चला रही है। हम इस निर्णय का विरोध करते हैं और सरकार से इसे वापस लेने की मांग करते हैं।
नई शिक्षा नीति और हिंदी की अनिवार्यता को लेकर राज्य में राजनीति गरमा गई है। इस शैक्षणिक वर्ष से पहली कक्षा से नई शिक्षा नीति लागू की जाएगी। यह नीति चरणबद्ध तरीके से लागू होगी। जून से पहली कक्षा से हिंदी पढ़ाना अनिवार्य कर दिया गया है, जिसका विरोध विपक्षी पार्टियां बड़े पैमाने पर कर रही हैं।

अन्य समाचार