रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित वजीरा नाका के शारदा इस्टेट मैदान में विश्व मानव कल्याण ट्रस्ट एवं झा परिवार के संयुक्त तत्वावधान में 13 अप्रैल से 20 अप्रैल तक श्रीमद् भागवत कथा एवं शिव शक्ति गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं अन्य पौराणिक प्रसंगों का आनंद लिया। आयोजनकर्ता सुनील झा ने बताया कि 13 अप्रैल को श्रीमद् भागवत एवं माता गायत्री की पोथी के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।
14 अप्रैल को गौरी-गणेश पूजन, यज्ञ मंडप एवं बेदी पूजन सम्पन्न हुआ। 15 अप्रैल से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 12 बजे तक वेदी पूजन और सहस्त्रार्चन महायज्ञ आयोजित किया गया। इसके पश्चात दोपहर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हुआ, जिसे प्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य डॉ. अशोक मिश्रा ने अपने मधुर वाणी से श्रवण कराया।
कथा में सुखदेव-परीक्षित संवाद, सती चरित्र, ध्रुव चरित्र, भरत चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, नरसिंह अवतार, समुद्र मंथन, श्रीराम व श्रीकृष्ण जन्म, नंदोत्सव, श्रीकृष्ण लीला, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह, उद्धव चरित्र, सुदामा चरित्र जैसे कई प्रसंगों का ह्रदयस्पर्शी वर्णन हुआ।
18 अप्रैल को आयोजित 56 भोग दर्शन एवं श्रीकृष्ण लीला ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। वहीं 20 अप्रैल को सुदामा चरित्र व परीक्षित कथा के साथ कथा का समापन हुआ।
इस अवसर पर आचार्य नरेंद्र देव जूनियर कॉलेज परिसर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में ‘श्याम संग राधा नाचे’ की धुन पर भक्तों ने गरबा नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम में मुंबई म्हाडा अध्यक्ष विनोद घोसालकर, वरिष्ठ समाजसेवक ब्रह्म देव तिवारी, सुधीर कुमार झा, हरिशंकर तिवारी, शोभनाथ तिवारी, विनोद तिवारी (घंटा पान), अमित झा, पूर्व नगरसेविका श्रीमती अंजली खेडकर, तथा ‘हिंदुस्तान प्रहरी’ के संपादक घनश्याम तिवारी समेत अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम न केवल आध्यात्मिक रूप से समृद्ध रहा, बल्कि सामाजिक समरसता का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।