मुख्यपृष्ठनए समाचार20 साल से सऊदी अरब में रहने वाले की मौत

20 साल से सऊदी अरब में रहने वाले की मौत

सामना संवाददाता / झुंझुनू

झुंझुनू जिले के जाखोद पंचायत के बिशनपुरा गांव का राजेंद्र नायक 20 साल पहले सऊदी अरब कमाने गया था। उसके बाद से आज तक अपने घर नहीं लौटा है। अगर आया तो भी जिंदा नहीं लोटेगा, क्योंकि राजेंद्र नायक का 25 जनवरी को सऊदी अरब में निधन हो गया था। अब उसका शव भारत के लिए 3 लाख रुपए खर्च आएगा। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से शव भारत लाने में असमर्थ है। पैसे नहीं होने से अंतिम संस्कार को तरस रहे हैं। राजेंद्र नायक का शव करीब 18 दिनों से सऊदी अरब के अस्पताल में रखा हुआ है और परिजन शव को भारत लाने के लिए सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
राजेंद्र नायक के बेटे संदीप नायक ने बताया कि उनके पिता 20 साल पहले सऊदी अरब गए थे और वहीं एक अरबी के घर काम कर रहे थे। वे अक्सर फोन पर परिवार से बात करते थे और हर बार अगली बार आने का वादा करते थे। 2-3 महीने से वे घर खर्च के लिए पैसे भी भेजते थे, लेकिन बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। 11 जनवरी को परिवार ने अंतिम बार वीडियो कॉल पर राजेंद्र को देखा था। उस दौरान उन्होंने स्वस्थ होने के बाद घर लौटने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद उनका फोन बंद हो गया, जिससे परिवार चिंतित हो गया। 18 दिन पहले परिवार को सऊदी अरब से एक रिश्तेदार का फोन आया था, जिसने बताया कि राजेंद्र नायक का निधन हो गया है और उनका शव अस्पताल में रखा हुआ है।
राजेंद्र नायक का शव भारत लाने के लिए करीब तीन लाख रुपए की जरूरत है, लेकिन परिवार आर्थिक रूप से इतना सक्षम नहीं है कि इतनी बड़ी रकम जुटा सके। संदीप नायक ने कहा कि घर की आर्थिक स्थिति पहले भी खराब थी, जिसके कारण ही उनके पिता सऊदी गए थे। लेकिन आज भी स्थिति वैसी ही बनी हुई है। राजेंद्र नायक के बेटे ने भारत सरकार से मदद की अपील की है, ताकि उनके पिता का शव जल्द से जल्द भारत लाया जा सके और उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।

अन्य समाचार