सामना संवाददाता / मुंबई
म्हाडा के बांद्रा स्थित म्हाडा भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित मुंबई इमारत सुधार और पुनर्निर्माण मंडल के सहमुख्य अधिकारी के कार्यालय में एक महिला ने अनोखा आंदोलन किया। अपनी कुछ मांगों के लिए इस महिला ने 50 रुपए की नोटों की माला गले में डालकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इतना ही नहीं इस महिला ने 6,650 रुपए उछाल दिए, जिनमें सारी 50 रुपए की नोटें थीं। उसने दूसरे तल से कूदने का भी प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा गार्डों ने समय रहते उसे रोककर म्हाडा भवन से बाहर ले जाया, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई। इस बीच खेरवाड़ी पुलिस ने नोटें जप्त की हैं और इस महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की कार्रवाई की।
गौरतलब है कि कल दोपहर करीब 3 बजे के बीच एक महिला सुधार मंडल के सहमुख्य अधिकारी उमेश वाघ से मिलने आई थी। हालांकि, वाघ प्रकल्प निरीक्षण दौरे पर थे, इसलिए उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद इस महिला ने 50 रुपये की नोटों की माला गले में डालकर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और फिर एकदम हलचल मच गई। इस हलचल की जानकारी मिलते ही सुरक्षा गार्डों ने दूसरी मंजिल पर सहमुख्य अधिकारी के कार्यालय की ओर दौड़कर इस महिला को रोकने की कोशिश की। इसके बाद इस महिला ने कार्यालय में नोटें उछाल दी और दूसरे तल से कूदने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा गार्डों ने उसे रोक लिया। फिर उसे म्हाडा के परिसर में लाया गया और उसके बाद वह महिला वहां से चली गई। हालांकि, यह महिला कौन थी, अधिकारियों से उसकी क्या बात होनी थी और उसकी असल मांग क्या थी, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
सारा हंगामा समाप्त होने के बाद म्हाडा ने खेरवाड़ी पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने म्हाडा में पहुंचकर नोटों को जप्त किया और जप्त की गई नोटों की कुल राशि 6,650 रुपए थी, यह जानकारी सूत्रों ने दी। इसके अलावा म्हाडा के अधिकारियों ने बताया कि इस महिला के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बारे में जब वाघ से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे आज सुबह से म्हाडा उपाध्यक्ष के साथ प्रकल्प निरीक्षण दौरे पर हैं, इसलिए उन्हें इस महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने लोकसत्ता को बताया कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करनी है, इसका निर्णय हमारे सतर्कता विभाग द्वारा लिया जाएगा।