मुख्यपृष्ठनए समाचारआदित्य ठाकरे की एकटक नजर ...सड़क घोटाले की बैठक से बेचैन होकर...

आदित्य ठाकरे की एकटक नजर …सड़क घोटाले की बैठक से बेचैन होकर भागे शिंदे!

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में सड़क मरम्मत कार्यों में हो रही देरी, यातायात जाम, खराब गुणवत्ता वाले काम और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कल भाजपा और शिवसेना के विधायकों ने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घेर लिया। इस बैठक में शिवसेना विधायक दल के नेता आदित्य ठाकरे शिंदे की ओर नाराजगी से एकटक देखते रहे, जिससे शिंदे असहज हो गए। इसके बाद भाजपा के विधायकों ने भी सड़क निर्माण के मुद्दे पर शिंदे को घेरते हुए सवालों की झड़ी लगा दी। इस दबाव के बीच शिंदे जल्दबाजी में बैठक समाप्त करते हुए वहां से भाग निकले। मुंबई की सड़कों के निर्माण कार्यों को लेकर विधानसभा में हुई चर्चा के बाद सभी दलों के विधायकों ने शिकायतें की थीं।

विधानसभा अध्यक्ष के कमरे में घिर गए शिंदे!

मुंबई के सड़क घोटाले को लेकर कल विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के कक्ष में एक बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में शिवसेना नेता व विधायक आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे। इनके अलावा विपक्ष व सत्ता पक्ष के कई विधायक मौजूद थे। बैठक में शिंदे देर से आए और उनके आते ही विधायकों ने उन्हें घेर लिया। यह बैठक विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने बुलाई थी। बैठक शुरू होने के बाद भी एकनाथ शिंदे तुरंत नहीं पहुंचे। इस दौरान भाजपा सहित सभी विधायकों ने सड़क कार्यों में हो रही देरी, पूरी मुंबई में सड़कें खोदे जाने के कारण पैदा हुई यातायात समस्या और निम्न स्तर के निर्माण कार्यों को लेकर शिंदे को घेर लिया। आदित्य ठाकरे ने तो सड़क निर्माण कार्यों की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा जांच कराने की मांग रखी। इसके कुछ देर बाद जब एकनाथ शिंदे बैठक में पहुंचे, तो आदित्य ठाकरे उनकी ओर ग़ुस्से से एकटक देख रहे थे। शिंदे उनकी नजरों से नजरें मिलाने से बचते रहे। सीमेंट कंक्रीट की सड़कों के मुद्दे पर सभी विधायकों ने शिंदे को घेर लिया, जिसके बाद महज ५-७ मिनट में ही बैठक समाप्त कर दी गई।

अन्य समाचार