सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना से गद्दारी करने वाले पर व्यंग्यात्मक पैरोडी गाने वाले कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने नए धमाके के साथ शिंदे गुट पर फिर निशाना साधा है। कामरा ने अपने गद्दार गीत का दूसरा पार्ट जारी किया है, जिसमें उन्होंने देश की मोदी सरकार सहित महाराष्ट्र के फडणवीस सरकार पर कटाक्ष किया है। कंगाली और दंगे को लेकर गाया गया कामरा का यह गीत सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने ‘हम होंगे कामयाब एक दिन…’ की धुन पर ‘हम होंगे कंगाल एक दिन…’ गाया है।
लोग नंगे होकर दंगे कर रहे हैं!
कामरा का हमला जारी
कॉमेडियन कुणाल कामरा सत्ता की दादागीरी के सामने झुकने वाले नहीं हैं। अब उनका एक नया गीत आ गया है, जिसमें वे कह रहे हैं कि ‘देश में लोग नंगे होकर दंगे कर रहे हैं ऐसे में देश को कंगाल होने से कोई नहीं बचा सकता।’ इस गीत के माध्यम से उन्होंने शिंदे गुट पर फिर से निशाना साधा है। शिंदे के कार्यकर्ताओं को दंगाई बताते हुए जमकर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की है।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर विवादित टिप्पणी को लेकर घिरे कॉमेडियन कुणाल कामरा ने नए वीडियो में विकसित भारत पर सच्चाई बयां की है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में कुणाल कामरा कह रहे हैं कि विकसित भारत का नया एंथम सुनिए। इसके बाद वे एक गाना गाते हैं। उनके इस वीडियो में शिवसेना कार्यकर्ताओं को हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ करते हुए दिखाया गया है। बता दें कि दो दिनों पहले कामरा का एक गीत सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसमें वह महाराष्ट्र की राजनीति में दलबदलू बनकर शिवसेना के साथ गद्दारी करने वाले शिंदे पर कटाक्ष किया है। शिंदे को गद्दार करार देते हुए बाप चोर बताया है। साथ ही गुवाहाटी में जाकर छिपने की बात भी बताई है, जिसके बाद शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कामरा को समन जारी किया है।
घर पर नहीं मिले कामरा तो
व्हॉट्सऐप पर भेजा समन!
खार पुलिस का एक्शन
कॉमेडियन कुणाल कामरा मामले में खार पुलिस एक्शन में है। कल वह कामरा के घर पर पहुंची, पर कामरा वहां नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने घर पर तो नोटिस दिया ही, इसके साथ ही कामरा को व्हॉट्सऐप पर भी नोटिस भेज दिया। बता दें कि कामरा के एक पैरोडी गीत से शिंदे गुट भड़क गया और उसके कार्यकर्ताओं ने स्टूडियो में जाकर तोड़-फोड़ की थी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने कल मंगलवार को कामरा को समन जारी किया। उन्हें पूछताछ के लिए कल सुबह ११ बजे खार पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। हालांकि, मुंबई में नहीं होने की वजह से कुणाल पूछताछ के लिए नहीं पहुंच पाए। मुंबई पुलिस के मुताबिक, नोटिस की एक फिजिकल कॉपी कामरा के घर पर भी भेजी गई है। उन्हें इस नोटिस के बारे में व्हॉट्सऐप से भी सूचित किया गया है। पुलिस मुंबई स्थित उनके घर भी पहुंची, जहां उनके माता-पिता रहते हैं। स्टैंड-अप कॉमेडियन ने अपने शो में एक पैरोडी गीत के जरिए कटाक्ष किया था। कामरा ने फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गाने की पैरोडी गाया था। उन्होंने गाने के जरिए शिवसेना और एनसीपी में विभाजन को लेकर भी मजाकिया लहजे में कमेंट किया था। कामरा का वीडियो सामने आने के बाद २२ मार्च की रात शिंदे गुट के समर्थकों ने मुंबई के खार इलाके में हैबिटेट स्टूडियो में जमकर तोड़-फोड़ की थी।