मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
दलित सांसदों को आगे करके अखिलेश यादव बसपा का वोट बैंक तोड़ने की रणनीति पर सफल होते दिख रहे हैं। राणा सांगा मामले पर भाजपा की आंख में आंख डाल कर खड़े अखिलेश यादव ने राम मंदिर के मुद्दे पर भी दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। पार्टी के दलित सांसद द्वारा राणा सांगा पर की गयी टिप्पणी पर प्रथम दृष्टया बैकफुट पर आए अखिलेश ने करणी सेना द्वारा रामजी लाल सुमन के घर की गयी तोड़-फोड़ के बाद यूटर्न लेते हुए दलित कार्ड खेल कर भाजपा को असमंजस में डाल दिया। प्रेशर में आए रामजी लाल सुमन ने पत्र लिख कर क्षमा का मार्ग पकड़ते हुए कहा था कि मेरी मंसा किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी, लेकिन इस मुद्दे पर दलितों से मिले समर्थन पर अखिलेश की बांछे खिल गईं तो यूटर्न लेते हुए इतिहास की सच्चाई बताने की सीख देने लगे।
रविवार को अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद राम मंदिर का दर्शन कर भाजपा के एक और मुद्दे पर भिड़ने का संकेत दे दिया है। चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन स्थानीय सांसद अवधेश प्रसाद सपरिवार रामनवमी के अवसर पर दिव्य और भव्य राम मंदिर दर्शन करने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि राम हमारे रोम-रोम में हैं और हमने हमेशा प्रभु राम के दर्शन किए हैं। हम भागयशाली है कि हमारा जन्म अयोध्या जिले में हुआ है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि जब भगवान का बुलावा मिलेगा तो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रामलला का दर्शन करने आएगे। अवधेश प्रसाद ने कहा कि देवतुल्य देशवासियों की खुशहाली के लिए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की है। देवतुल्य जनता ने हमें अयोध्या जिले की फैजाबाद सीट से सांसद बनाया है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम हमें ऐसी शक्ति दें कि जनता की उम्मीदों पर खरे उतर सकें। हमारी गंगा जमुनी तहजीब बनी रहे और सभी खुशहाल रहें। उन्होंने कहा कि राम हमारे रोम-रोम में हैं। हम बहुत भाग्यशाली है कि हमारा जन्म इसी अयोध्या में हुआ है। हमने यहीं पढ़ाई की है। हर तीन-चार दिन बाद सीता रसोइया जाकर दर्शन करते थे। हमने प्रभु श्रीराम का दर्शन हमेशा किया है।
लाल टोपी लगा कर आए सपा सांसद ने कहा कि अभी राम मंदिर का निर्माण अधूरा है। चारों तरफ काम लगा हुआ है। हमारा अनुमान है कि राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने में डेढ़ से दो साल का समय लगेगा। सपा सांसद ने कहा कि सपा अखिलेश यादव को प्रभु श्रीराम जब बुलाएंगे वो तुरंत आएंगे। साथ ही कहा कि जल्द ही आएंगे। लोकसभा चुनाव 2024 में अवधेश प्रसाद ने बीजेपी को करारी शिकस्त दी थी। उनके फैजाबाद से सांसद बनने के बाद से सपा बीजेपी पर हमलावर है। सपा ने राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से दूरी बना ली थी। इसको लेकर बीजेपी ने अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला था। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंदिर निर्माण के बाद से प्रभु रामलला के दर्शन नहीं किए हैं।