अशोक तिवारी / मुंबई
मुंबई के घाटकोपर में पिछले वर्ष 13 मई को एक विशालकाय इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल होर्डिंग गिर गई थी, जिसके नीचे दबकर 16 लोगों की मौत हुई और 74 अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद बड़े शहरों में होर्डिंग्स लगने के नियमों के बारे में चर्चा शुरू हो गई थी। आरटीआई कार्यकर्ता और लॉ स्टूडेंट रूपेश रविढोने ने इस संदर्भ में नई मुंबई पालिका मुख्यालय में सूचना अधिकार के तहत के तहत इलेक्ट्रिक लाइटिंग डिजिटल विज्ञापन बोर्ड के संदर्भ में जानकारी मांगी थी। उन्होंने महानगरपालिका से इलेक्ट्रिकल डिजिटल बोर्ड लगाने के लिए दिए गए लाइसेंस और उन पर की गई के संदर्भ में जानकारी मांगी थी। नई मुंबई महानगरपालिका के लाइसेंस विभाग के अध्यक्ष तात्या साहेब गायकवाड ने सूचना अधिकार के तहत जो जानकारी उपलब्ध कराई है, वह चौंकाने वाली है। सूचना अधिकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोनक एडवरटाइजिंग एजेंसी के पाम बीच रोड और नवरत्न होटल के सामने मिलाकर कुल पांच जगह पर परमिशन की डेट खत्म हो चुकी है। इसी तरह नई मुंबई के नेरुल इलाके में लगाए गए विस्टा एडवरटाइजिंग की 2 जगह और वाशी क्षेत्र में लगाए गए श्री एडवरटाइजिंग के तीन जगह इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड का परमिशन खत्म हो चुका है। उसके बावजूद भी यह बोर्ड धड़ल्ले से जलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सीबीडी बेलापुर क्षेत्र में एसएनएस एडवरटाइजिंग और वाशी क्षेत्र के कई जगहों पर सिद्धि इंटरप्राइजेज (मेसर्स गार्गीज ग्राफिक्स) द्वारा लगाए गए इलेक्ट्रिक बोर्ड की परमिशन की मियाद खत्म हो चुकी है। बता दें कि नई मुंबई में कई तरह की जमीनें हैं। जैसे कलेक्टर लैंड, सॉल्ट पैन लैंड, मुंबई पोर्ट ट्रस्ट लैंड, बीएमसी लैंड आदि। इसलिए अगर कोई किसी जमीन पर होर्डिंग लगा रहा है तो उसे संबंधित लैंड अथॉरिटी के साथ ही नई मुंबई महानगरपालिका की इजाजत भी जरूरी है। महानगरपालिका एक सीमित अवधि के लिए परमिशन देती है। इस दौरान जहां पर इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड लगाया जाता है, वहां की मजबूती और अन्य सुरक्षा के मानकों ऑडिट करती है। इसके अलावा महानगरपालिका समय-समय पर इन बोर्ड को चेक करती रहती है कि कहीं उनके गिरने की संभावना तो नहीं है, अगर ऐसी संभावना होती है तो महानगरपालिका परमिशन की डेट आगे नहीं बढ़ती है। लॉ स्टूडेंट रूपेश रविढोने ने आश्चर्य प्रकट किया है कि परमिशन की डेट खत्म होने के बावजूद भी जल रहे यह इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड कभी भी आफत बनकर गिर सकते हैं, जिसमें निर्दोष नागरिकों की जान जा सकती है और अन्य नुकसान भी हो सकता है।
रूपेश रविढोने ने नई मुंबई महानगरपालिका के आयुक्त डॉक्टर कैलाश शिंदे समेत मुख्यमंत्री को ईमेल भेजकर शिकायत की है कि क्या घाटकोपर होल्डिंग दुर्घटना जैसी घटना नई मुंबई में होने का महानगरपालिका इंतजार कर रही है। इसके अलावा उन्होंने इन सभी अवैध इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड कंपनियों पर जुर्माना लगाते हुए उन्हें तत्काल बंद करने और ब्लैक लिस्ट करने की मांग की है।