मुख्यपृष्ठनए समाचारअनिल देशमुख ने दी आंदोलन की चेतावनी ...किसानों को तत्काल मदद दे...

अनिल देशमुख ने दी आंदोलन की चेतावनी …किसानों को तत्काल मदद दे सरकार

सामना संवाददाता / मुंबई
फंगस के कारण काटोल और नरखेड तालुका में संतरा और मोसंबी की बड़े पैमाने पर क्षति हुई थी। विधानसभा चुनाव से पहले दोनों तालुकों के लिए ४८ करोड़ ३१ लाख रुपए मंजूर किए गए थे। सरकारी आदेश जारी हुआ, लेकिन अभी तक वह राशि किसानों के खाते में नहीं डाली गई है। संतरा और मोसंबी उत्पादकों को यह सहायता तत्काल दी जाए। इस तरह की मांग राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता अनिल देशमुख ने मुख्यमंत्री से की है।
अनिल देशमुख ने चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि यदि किसानों को मदद नहीं दी गई तो हम सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में सात महीने पहले अतिवृष्टि के कारण संतरा और मोसंबी पर फंगस रोग लग गया था। इससे बड़े पैमाने पर फल गिर गए थे। इस संदर्भ में राष्ट्रवादी कांग्रेस ने सलील देशमुख के नेतृत्व में नागपुर में बड़ा आंदोलन किया। इसके बाद सर्वे करके रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई थी। इस संदर्भ में विधानसभा में प्रश्न उठाकर तत्काल फंड मंजूर करने की मांग मैंने की थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव से पहले काटोल तालुका के लिए १९ करोड़ ४३ लाख रुपए और नरखेड तालुका के लिए २८ करोड़ ८८ लाख रुपए यानी कुल ४८ करोड़ ३१ लाख रुपए मंजूर किए गए। राजस्व विभाग ने दोनों तालुकों के किसानों की सूची भी तैयार की है, लेकिन क्षतिपूर्ति की राशि किसानों के खाते में अभी तक जमा नहीं की गई है।
इस ओर अनिल देशमुख ने एक बयान के माध्यम से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का ध्यान आकर्षित किया है।

अन्य समाचार