बॉलीवुड से हॉलीवुड का सफर तय करनेवाली ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा को लेकर अफवाह उड़ी थी कि वो महाकुंभ में शामिल होने के लिए तीर्थराज प्रयाग पहुंची हुई हैं, लेकिन एक पीले रिक्शे ने इस खबर को झूठा साबित कर दिया। खैर, तीर्थराज प्रयाग वाली खबर भले ही झूठी निकल गई हो, लेकिन प्रियंका का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एकदम सादगी के साथ प्रियंका श्री बालाजी मंदिर में बालाजी का दर्शन करने पहुंची हैं। एस.एस. राजामौली की अगली फिल्म के लिए हैदराबाद पहुंची प्रियंका ने श्री बालाजी मंदिर में भगवान का दर्शन किया। सिर पर दुपट्टा और माथे पर तिलक लगाए प्रियंका ने न केवल बालाजी मंदिर में दर्शन किया, बल्कि इसके लिए उन्होंने अभिनेता राम चरण की पत्नी उपासना कामिनेनी का शुक्रिया भी अदा किया। प्रियंका ने कैप्शन में लिखा, ‘श्री बालाजी के आशीर्वाद से एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। हम सभी के दिलों में शांति और चारों ओर समृद्धि और प्रचुरता हो। भगवान की कृपा असीम है। ॐ नमो नारायणाय।’