पाकिस्तान से मंगवा रहे थे एके-४७
भागकर श्रीलंका छुपने वाले थे
सामना संवाददाता / नई मुंबई
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान कई दिनों से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं। इस गैंग के कुछ लोगों ने १४ अप्रैल को सलमान खान के मुंबई के बांद्रा में स्थित घर गैलेक्सी पर फायरिंग भी की थी। अब इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, नई मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद इन सभी को नई मुंबई लाया गया और पुलिस पूछताछ में इन लोगों ने होश उड़ा देने वाली बात का खुलासा किया है। ये सभी जबरदस्त प्लानिंग के साथ सलमान खान पर हमला करनेवाले थे। इसके लिए पाकिस्तान से प्रतिबंधित हथियार एके-४७ मंगाया जाना था। हमला के बाद इन सबका प्लान श्रीलंका में छुपने का था।
कई आरोपियों की तलाश जारी
शनिवार को नई मुंबई पुलिस ने इस मामले पर प्रेस कॉन्प्रâेंस की। डीसीपी विवेक पानसरे ने कहा कि सलमान खान की हत्या की प्लानिंग को लेकर हमें कुछ इंफॉर्मेशन मिली थी। उसको लेकर २४ अप्रैल को मामला दर्ज किया था, साथ ही हमने ४ लोगों को गिरफ्तार भी किया। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में अभी भी १०-१२ आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों ने की थी रेकी
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सदस्यों ने बताया कि पनवेल में सलमान की कार पर अटैक करने की प्लानिंग थी। इसके लिए पनवेल स्थित फार्म हाउस और सलमान खान के बांद्रा वाले घर की रेकी कई बार की गई थी। इस बात का भी खुलासा हुआ कि यह हमला किसी नाबालिग के जरिए कराया जाना था और हत्या के लिए एके ४७ का इस्तेमाल किया जाना था।
सलमान पर जिगाना पिस्टल से अटैक करने का था प्लान
इस मामले पर पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान को टर्की मेड जिगाना पिस्टल से मारने का प्लान बना रहा था। इसी पिस्टल से पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का भी मर्डर किया गया था। इसके अलावा पुलिस को यह भी जानकारी मिली थी कि मुंबई, रायगढ़, नई मुंबई, ठाणे, पुणे और गुजरात से आने वाले लॉरेंस बिश्नोई और संपत नेहरा गैंग के तकरीबन ६० से ७० गुर्गे सलमान खान पर नजर रखे हुए हैं।
आरोपियों के मोबाइल से कई वीडियो बरामद
पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान धनंजय तपेसिंह उर्फ अजय कश्यप, गौरव भाटिया उर्फ न्हाई, वस्पी खान उर्फ वसीम चिकना और जीशान हसन उर्फ जावेद खान के तौर पर हुई है। चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कई वीडियो आरोपियों के मोबाइल से बरामद किए हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि अजय कश्यप पाकिस्तान में डोगा नामक एक व्यक्ति के संपर्क में था, जो एम-१६, एके-४७ और एके-९२ खरीदने के लिए काम करता है।
वेडिंग सेरेमनी के लिए यूरोप में हैं सलमान
सलमान इस वक्त यूरोप में हैं। वे वहां अनंत-राधिका की सेकेंड प्री वेडिंग सेरेमनी अटैंड करने पहुंचे हैं। इवेंट के लिए सलमान बीते सोमवार को देश से रवाना हुए थे, उनके साथ भतीजे निर्वाण खान भी गए हैं।