खगड़िया के एक बैंक ने मृत शख्स को भेजा रु. १.४६ लाख का नोटिस
बिहार के खगड़िया जिले से अनोखी खबर सामने आ रही है। एक बैंक की कार्यशैली चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक बैंक ने एक ऐसे शख्स के नाम पर केस कर दिया, जिसकी मृत्यु सात साल पहले हो चुकी है। यही नहीं लापरवाही तो तब हो गई जब मृतक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर दिया गया, वहीं जब पुलिस शख्स को गिरफ्तार करने पहुंची तो परिजनों ने जो बताया उससे हैरान रह गई और खाली हाथ वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार, जिले के चौथम ब्लॉक के नवादा गांव के निवासी विद्यानंद की मृत्यु सात साल पहले अप्रैल २०१८ में ही हो चुकी है। इसके बाद दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की देवका शाखा ने मृतक के नाम पर १.४६ लाख रुपए की वसूली को लेकर केस दर्ज करा दिया। इसके बाद मृतक की गिरफ्तारी का वारंट भी जारी हो गया, वहीं जब पुलिस नामित व्यक्ति को गिरफ्तार करने गई तो मृत व्यक्ति के परिजनों ने पुलिस को सच्चाई बताई। सच्चाई का पता चलने के बाद पुलिस खाली हाथ वापस लौट गई। अब बैंक की इस अनोखी कार्यशैली की हर जगह चर्चा हो रही है। परिजनों ने बताया कि इसकी जानकारी बैंक को दे दी गई थी। इसके बाद भी अगर केस दर्ज कराया गया और गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया तो यह गलत है।