मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर वर्षों से लगातार उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की सरकार को घेरने वाले भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश पर उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने बताया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भाजपा विधायक नन्दकिशोर गुर्जर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कारण बताओ नोटिस में नन्दकिशोर गुर्जर से स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है, कि पिछले कुछ समय से आपके द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सरकार की आलोचना की जा रही है एवं आपके वक्तव्यों व कृत्यों से पार्टी की प्रतिष्ठा को आघात पहुंच रहा है। जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार आपको सूचित किया जाता है कि इस पत्र प्राप्ति के 7 दिन के अन्दर स्पष्टिकरण दें, कि क्यों न आपके विरुद्ध आनुशासन हीनता की कार्यवाही की जाए।
इस नोटिस के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा में छिड़ा धमासान सतह पर आ गया। रविवार को ही उपमुख्यमंत्री नंबर एक केशव प्रसाद मौर्य ने गाजियाबाद के खचाखच भरे गुर्जर सम्मेलन में हजारों लोगों के सामने लोनी विधायक जिस नंदकिशोर गुर्जर को इंसाफ दिलाने का वादा किया था, उसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। केशव मौर्य ने लोनी के गुर्जर सम्मेलन में कहा कि यह योगी आदित्यनाथ की सरकार है। इसमें राम भक्तों, शिव भक्तों, कृष्ण भक्तों पर लाठी-गोली नहीं बरसायी जाती, बल्कि पुष्प वर्षा की जाती है। आप सभी का शिर ऊंचा रखने के लिये मैं अपने स्तर से कोई कमी नहीं रखूंगा। बता दें कि योगी पार्ट वन ने विधानसभा सत्र के दौरान इंजीनियरों द्वारा कमीशन मांगने का आरोप लगा कर अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया था। उस समय नंदकिशोर गुर्जर के समर्थन में 70-80 विधायक वेल में आ गये थे। एक खेमे ने तब माना था कि विधानसभा के सामने सड़क के उस पार भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठे तत्कालीन प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने हवा भरा था। नंदकिशोर गुर्जर एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और गाजियाबाद पुलिस आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोला है। रविवार को केशव प्रसाद मौर्य के गुर्जर के साथ मंच साझा करने के बाद भाजपा में भूचाल आ गया। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि सभा में बैंग्लोरु गये हैं। उनके आने के बाद मामले की विस्तृत चर्चा के बाद ही समाधान निकल पायेगा।