कर्नाटक में एक पुलिसकर्मी और भाजपा नेता के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे देखकर ऐसा लगता है जैसे कि ताकतवर थप्पड़ मारने का मुकाबला चल रहा हो। बताया जा रहा है कि यह घटना चित्रदुर्गा इलाके में हुई, जो राजधानी बंगलुरु से लगभग २७० किमी दूर है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार की आधी रात के आसपास दुर्गादा सिरी होटल रोड पर कुछ लोग इकट्ठा थे। तभी सब-इंस्पेक्टर गडिलिंगा गौड़ा यहां आ पहुंचे और उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद सभी लोग अपने-अपने घर चल जाओ।
मिली जानकारी के अनुसार, मधुगिरी भाजपा जिला अध्यक्ष हनुमंत गौड़ा वहां मौजूद थे। पुलिसकर्मी की बात सुनकर वह भड़क गए और गाली देने लगे। इससे पुलिसकर्मी भी उत्तेजित हो गया। उसने बीजेपी लीडर को एक थप्पड़ जड़ दिया। देखते ही देखते झगड़ा शुरू हो गया और दोनों ओर से थप्पड़ बरसने लगे। वीडियो में दोनों ही अपना संतुलन खोए नजर आ रहे हैं। एक आदमी झगड़ा रोकने के लिए बीच में आने की कोशिश करता है। मगर उसे सफलता नहीं मिलती। तभी कुछ और लोग बीच-बचाव में आते हैं और दोनों को शांत करने का प्रयास करते हैं। दोनों ही पक्षों से इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है। दूसरी ओर, कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष रुद्रप्पा लमानी शुक्रवार रात चित्रदुर्ग जिले के हिरियुर के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। हावेरी जिले में अपने पैतृक गांव जा रहे लमानी की कार हिरियूर तालुका के जवनगोंडानहल्ली के निकट दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब लमानी आवश्यक कार्य के लिए अपने वाहन से उतरे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।