मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई को कमजोर करने की भाजपाई साजिश ... ...तो १६ विभाग होंगे...

मुंबई को कमजोर करने की भाजपाई साजिश … …तो १६ विभाग होंगे नागपुर शिफ्ट

पड़ोसी राज्यों में बड़े उद्योग कर चुके हैं ट्रांसफर
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई को हमेशा ही कमजोर करने की मानसिकता से भाजपा कई बार निर्णय लेती रही है, लेकिन अब मुंबई को ज्यादा नुकसान पहुंचाने का इरादा भाजपा ने बनाया है, ऐसा लग रहा है। भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने मुंबई में मौजूद तमाम विभागों में से प्रमुख १६ विभागों के मुख्यालय को नागपुर ट्रांसफर करने की मांग की है। सूत्रों की मानें तो भाजपा ने एक साजिश के तहत यह कदम उठाया है। इसी के तहत मुंबई के तमाम विभागों को धीरे-धीरे नागपुर में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
भाजपा विधायक प्रवीण दटके ने इस मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मांग की है अगर उनकी मांग को देवेंद्र फडणवीस मंजूर करते हैं तो मुंबई से १६ प्रमुख विभाग नागपुर में शिफ्ट हो जाएंगे।
दटके ने अपने पत्र में लिखा है कि नागपुर करारानुसार राज्य सरकार को मुंबई और पुणे में स्थित अपनी १६ सरकारी कार्यालयों को नागपुर में स्थानांतरित करना चाहिए। उन्होंने नागपुर करार का उल्लेख करते हुए राज्य शासन के विभिन्न विभागों के मुख्यालयों की सूची भी सदन में पढ़कर सुनाई और उन्हें जल्द से जल्द नागपुर ले जाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, दटके ने कृषि संचालक, शिक्षण संचालक, उच्च शिक्षण संचालक, क्रीड़ा संचालक, पशुसंवर्धन संचालक, सहकार आयुक्त, शहर नियोजन संचालक, मुख्य वन संरक्षक, आयुर्वेद संचालक, भूजल सर्वेक्षण संचालक, मुख्य अधीक्षक (जेल), मुख्य निबंधक, जमाबंदी आयुक्त व भूलेख संचालक, सार्वजनिक आरोग्य संचालक, सामाजिक कल्याण संचालक विभाग को नागपुर ले जाने की मांग की है। दटके ने कहा कि ये सभी १६ कार्यालय नागपुर में होना आवश्यक था, लेकिन मुख्य वन संरक्षक कार्यालय के अलावा नागपुर में कुछ नहीं है।

मुंबई का महत्व कम करने का प्रयास
बता दें कि मुंबई को पहले से ही गुजरात में मिलाने की साजिश थी, लेकिन एकीकरण समिति के सदस्यों ने लाठियां खाकर इसे बचा लिया। अब जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आई है तब से मुंबई का महत्व कम करने की साजिश जोर-शोर में शुरू है, इससे पहले कई बार मुंबई में आने वाले बड़े-बड़े उद्योग निवेश को पड़ोसी राज्यों में ट्रांसफर कर दिया गया तो अब फिल्म इंडस्ट्री को भी लगभग कमजोरी के दौर में लाकर खड़ा कर दिया गया है।

अन्य समाचार