मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमानसून मस्ती से सावधान!... मुंबई के टॉप ५ डेंजरस डैम!...बरसात में कभी...

मानसून मस्ती से सावधान!… मुंबई के टॉप ५ डेंजरस डैम!…बरसात में कभी भी हो सकता है हादसा

-पानी का बहाव अचानक हो जाता है तेज

सामना संवाददाता / मुंबई

मानसून आते ही मुंबईकर आसपास के डैम और झरने पर मस्ती के लिए निकल पड़ते हैं। मगर इनमें से कई डैम और झरने काफी खतरनाक हैं और थोड़ी-सी भी लापरवाही लोगों की जान ले लेती है। मुंबई से थोड़ी दूरी पर स्थित भुशी डैम के पास कल एक ऐसे ही हादसे में एक ही परिवार के ५ लोग बह गए। पुलिस और प्रशासन के मना करने के बावजूद लोग नहीं मानते और हादसे के शिकार हो जाते हैं। मुंबई के पास ऐसे ५ टॉप के डेंजरेस डैम हैं, जहां नहाते वक्त हादसे का खतरा बना रहता है।
वसई के चिंचोटी में मानसून के मौसम में काफी पर्यटक आते हैं। मानसून में वहां पानी का बहाव काफी खतरनाक हो जाता है। बदलापुर के पास भी पिछले हफ्ते डैम के पास कोंडेश्वर में नहाते वक्त एक युवक के पानी में बहने से मौत हो गई थी। पनवेल का गाडेश्वर डैम का पानी भी काफी डेंजरस है और वहां भी अतीत में कई हादसे हो चुके हैं। टिटवाला का कालू डैम भी काफी खतरनाक है। इगतपुरी के पास स्थित वैतरणा डैम भी काफी खतरनाक है। इनके अलावा भी मुंबई के आसपास दर्जनों डैम हैं, जो मानसून में काफी खतरनाक हो जाते हैं।

अचानक बढ़ता है जलस्तर
मानसून के वक्त डैम और वॉटरफॉल से दूर रहना चाहिए। इस मामले में पुलिस और प्रशासन खतरनाक जगहों पर पर्यटकों के लिए अलर्ट का बोर्ड भी लगाता है, जिस पर उस क्षेत्र में जाने की मनाही होती है। पर लोग उसकी अनदेखी करते हैं, जिससे हादसे होते हैं। मानसून में पहाड़ी नदी या झरने का स्तर अचानक तीव्र गति से बढ़ जाता है इसलिए वहां जाना खतरनाक है।

मौज-मस्ती में लापरवाही पड़ी भारी… डैम ने लील ली ५ जिंदगियां!

-एक ही परिवार में ५ मौतों से मातम…लोनावला में मनाने गया था पिकनिक

-दो के शव बरामद…३ की तलाश जारी

सामना संवाददाता / मुंबई

बारिश के मौसम में मौज-मस्ती में लापरवाही काफी भारी पड़ सकती है। लोनावला के मशहूर भुशी डैम में पिकनिक मनाने गए ५ लोगों की जिंदगियों को पानी के तेज बहाव ने डस लिया। खबर लिखे जाने तक बचाव दल ने दो शव बरामद कर लिए थे। दो को बचा लिया गया था, जबकि तीन लापता थे।
कल भुशी डैम के बैकवाटर के पास स्थित झरने में यह हादसा हुआ। इस घटना में ४० वर्षीय महिला और एक १३ वर्षीय लड़के की मौत हो गई। यह परिवार बारिश के दिन का आनंद ले रहा था तभी वे भुशी डैम में बह गए। बताया जा रहा है कि ४-९ वर्ष के तीन बच्चे लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
बता दें कि भुशी डैम ओवरफ्लो हो गया है और पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है, तभी ये चौकानेवाली घटना सामने आई है। स्थानीय पुलिस ने कहा कि अंसारी परिवार डैम में बह गया है। अंसारी परिवार भुशी डैम के ऊपर जंगल में स्थित बैक वॉटर पर बरसात के दिन का आनंद ले रहा था। लोनावला पुलिस ने जानकारी दी कि पांच लोग भुशी डैम में बह गए। बारिश का आनंद लेने के लिए काफी पर्यटक लोनावला आ रहे हैं। इस बीच यह घटना रविवार दोपहर १.३० बजे हुई, जिसके बाद बचावकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज देशमुख ने बताया कि घटना में ६ वर्षीय दो लड़कियां और ४ वर्षीय एक लड़का लापता हैं, वहीं ४० वर्षीय महिला और १३ वर्षीय लड़के का शव बरामद कर लिया गया है। स्थानीय एसपी ने एक बयान में बताया कि ऐसा लगता है कि वे एक ही परिवार के सदस्य हैं और भुशी बांध से लगभग दो किलोमीटर दूर झरने में फिसल गए, जहां वे डूब गए। इस घटना में बच्चे लापता हैं, जिनकी खबर लिखे जाने तक तलाश जारी थी।

अन्य समाचार