मुख्यपृष्ठटॉप समाचारकानून के शिकंजे में फंसे बांद्रा के बेलगाम बाइकर्स!.. देर रात सड़क...

कानून के शिकंजे में फंसे बांद्रा के बेलगाम बाइकर्स!.. देर रात सड़क पर कर रहे थे स्टंट

-वीडियो हुआ था वायरल

-पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार

सामना संवाददाता / मुंबई

बीती रात मुंबई में बांद्रा रिक्लेमेशन पर कई बाइकर्स जमा हो गए और जानलेवा स्टंट करने लगे। किसी ने इस मामले का वीडियो बना लिया, जो वायरल हो गया।

पिछले कुछ दिनों से शहर की सड़कों पर नाइट बाइक राइडर्स के खौफ से लोग परेशान हैं। ये बाइक राइडर्स मरीन ड्राइव, जुहू, बांद्रा रिक्लेमेशन आदि जगहों पर रात में तेजी से बाइक चलाते हैं और खतरनाक स्टंट करते हैं। ये आपस में बाइक रेसिंग भी करते हैं, जिससे कई बार दुर्घटनाएं भी हो जाती हैं। बीती रात मुंबई में बांद्रा रिक्लेमेशन मार्ग पर कई बाइकर्स जमा हो गए और जानलेवा स्टंट करने लगे। किसी ने इस मामले का वीडियो बना लिया, जो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्टिव हो गई।
पता चला कि यह सारा स्टंट बांद्रा रिक्लेमेशन पर होता है। पुलिस ने इस मामले में जानकारी जुटाई और बाइकर्स के स्टंट करते वक्त वहां धावा बोला। पुलिस को देखकर बाइकर्स भाग निकले पर एक पुलिस के फंदे में फंस गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि बाइकर्स के जानलेवा स्टंट करते हुए वीडियो सामने आते रहते हैं। बांद्रा के स्टंट का यह वीडियो नया है। मुंबई में अक्सर बेखौफ बाइकर्स जानलेवा स्टंट करते हुए देखे जाते हैं। बाइकर्स अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल देते हैं। मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन मार्ग पर अक्सर स्टंट का कारोबार चलता रहता है।
शनिवार-रविवार की रात बाइकर्स मचाते हैं हुड़दंग!

बांद्रा रिक्लेमेशन मार्ग पर हुड़दंगी बाइकर्स का मेला लगता है। वहां पर रात के वक्त ये बाइकर्स खतरनाक स्टंट करते और उसका वीडियो बनाते हैं। बीती रात भी ये इकट्ठा हुए और एक के बाद एक खतरनाक स्टंट करने लगे। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए जानलेवा स्टंट कर रहा है। वह अपनी बाइक को डिवाइडर से सटाने का प्रयास करता है, वहीं बाइक के पीछे बैठा दूसरा शख्स वीडियो बना रहा है। बताया जा रहा है कि ये बाइकर्स अक्सर शनिवार और रविवार की देर रात निकलते हैं और शहर के अलग-अलग इलाकों में बाइक से स्टंट करते हैं।
सभी बाइकर्स झुंड बनाकर पूरे इलाके में हुड़दंग मचाते हैं और फिर फरार हो जाते हैं। ये अपने स्टंट की वीडियो भी बनाते हैं। इस तरह के स्टंट के दौरान पहले कई बार हादसे भी हुए हैं। इन हुड़दंगी बाइकर्स को खतरनाक स्टंट करते हुए पुलिस ने पहले पकड़ा भी है और उन पर कार्रवाई भी की गई, लेकिन फिर भी ये लोग हरकतों से बाज नहीं आते। इस बार जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सभी बाइकर फरार हो गए, वहीं एक को पकड़ लिया गया।

अन्य समाचार