मुख्यपृष्ठनए समाचारसंविधान को कुचल रहा केंद्र! ... भाजपा के गढ़ में गरजे कांग्रेस लोक...

संविधान को कुचल रहा केंद्र! … भाजपा के गढ़ में गरजे कांग्रेस लोक समन्वयक

 मेनका की भगवा सीट पर टटोली कांग्रेसी उम्मीद
विक्रम सिंह / सुलतानपुर
कुश की नगरी व भाजपा की गढ़ मानी जाने वाली सुलतानपुर संसदीय सीट पर कांग्रेसी उम्मीद की टोह लेने शनिवार को पार्टी के लोकसभा समन्वयक रामकिशन पटेल जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने स्वागत सत्कार और अगवानी की परंपरा के बाद कार्यकर्ताओं से संवाद किया। हौसला-अफजाई की और फिर राहुल गांधी की न्याय यात्रा के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसे। पटेल ने कहा कि भाजपा के लोग बाबा साहब के संविधान को कुचल रहे हैं, जिसे हम और हमारी पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग चुनाव के समय देश की जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं और फिर चुनाव खत्म हो जाने के बाद अपने वादों से मुकर जाते हैं। इसके उदाहरण छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश हैं, जहां की जनता से इन्होंने साढ़े चार सौ में गैस सिलिंडर देने का वादा किया था। ऐसे जुमलेबाज सरकारों से हमें और आपको सतर्क रहने की आवश्यकता है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ जुमलों की सरकार है। इनके दस साल के कार्यकाल में देश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व देश में गुंडे माफिया बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे चुनावी मोड में है। लोकसभा चुनाव की तैयारी व इसी माह जननेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा के प्रदेश आगमन पर भव्य स्वागत में सुलतानपुर के कांग्रेस जनों की मजबूत भागीदारी के लिए कल से सभी ब्लॉकों में ब्लॉक संवाद का कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें ब्लॉक के समस्त नेता, कार्यकर्ता व पदाधिकारी गण सम्मिलित रहेंगे, एक दूसरे से संवाद करेंगे, आपसी मन मुटाव व गिले-शिकवे भुलाकर नई ऊर्जा के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारी करेंगे। इस मौके पर वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी, अपरबल सिंह, ओम प्रकाश सिंह, ओपी चौधरी, हौसिला भीम, फिरोज अहमद, पवन मिश्रा कटावा, पवन मिश्रा नन्हे, अमोल बाजपेई, फिरोज अहमद योगेश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

अन्य समाचार