रमेश ठाकुर / नई दिल्ली
राजधानी में सत्ता परिवर्तन के बाद बदलाव का दौर युद्धस्तर पर जारी है। दिल्ली में नई रेखा सरकार पूर्ववर्ती ‘आप’ हुकूमत की सभी निशानियां हटाने में लगी हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार के वक्त विभिन्न सरकारी कार्यालयों में रखा गया तकरीबन स्टाफ हटा दिया गया है। मंत्रियों के पर्सनल सेक्रेट्री, सलाहकार, मीडिया एडवाइजर, चपरासी, स्टाफ बॉय, ड्राइवर और चाय पिलाने वालों से लेकर पान-खैनी लाने वाले भी बदले गए हैं। इसी कड़ी में अब मुख्यमंत्री दफ्तर की दीवारों पर पहले से लगी संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और शहीदे आजम भगत सिंह की फोटो को भी सोमवार को हटा दिया गया। उनकी जगह महात्मा गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू की तस्वीरें टांगी गई हैं। नई सरकार के इस बदलाव पर पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा है कि भाजपा की बाबा साहेब और महान क्रांतिकारी भगत सिंह के प्रति सोच कितनी गंदी है, उसे उन्होंने उजागर किया है। उन्होंने कहा भाजपा के इस कृत्य से दिल्ली वाले आहत हैं। दिल्ली और देश की जनता बाबा साहब और भगत सिंह का अपमान नहीं सहेंगे। अन्य सामाजिक संगठनों ने भी रेखा सरकार के फोटो हटाने के निर्णय का जमकर विरोध किया है।