मुख्यपृष्ठनए समाचारकुशनगरी में धर्मांतरण करा रहीं ईसाई मिशनरियां! ... दबोचे गए चार 'एजेंट'

कुशनगरी में धर्मांतरण करा रहीं ईसाई मिशनरियां! … दबोचे गए चार ‘एजेंट’

विक्रम सिंह/सुल्तानपुर
यूपी में निम्न वर्ग के अर्द्धशिक्षित व आर्थिक रूप से कमजोर हिंदुओं का ईसाई मिशनरियां धर्मांतरण कराने का कुचक्र रच रहीं हैं! अयोध्या मंडल की कुशनगरी (सुल्तानपुर) में मिशनरियों के इस गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने दबोच लिया है। जिनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

घटनाक्रम कोतवाली देहात क्षेत्रांतर्गत पखरौली गांव का है। यहां कुछ माह से प्रत्येक रविवार को झाड़-फूंक से इलाज के बहाने ईसाई असेम्बली यानी प्रार्थना सभा का आयोजन ईसाई एजेंटों के जरिये किये जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसी क्रम में रविवार को देहात पुलिस ने गांव में छापा मारा तो वहां बड़ी संख्या दलित समुदाय व अर्द्धशिक्षित आर्थिक कमजोर परिवारों के दर्जनों लोगों का जमावड़ा ईसाई प्रार्थना सभा में देखा गया। जिन्हें तमाम बीमारियों का झाड़ फूंक से इलाज का बहाना बताकर एकत्र किया गया था। पुलिस के अनुसार,
ग्रामीणों से जानकारी मिली है कि तीन साल से कुछ बाहरी लोग अच्छेलाल के घर के पास झाड़-फूंक कर रहे हैं। इसी की आड़ में हिंदू व नवबौद्धों को ईसाई धर्म की दीक्षा दिलाने का खेल चल रहा था। पुलिस के पहुंचने पर ईसाइयों की प्रार्थना सभा में शामिल लोगों का अन्य ग्रामीणों से विवाद भी हुआ। मौके पर आपत्तिजनक धार्मिक पुस्तकें व कागजात भी मिले। जिसपर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की पदाधिकारी सुमन राव कोरी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पखरौली निवासी अच्छेलाल, केनौरा निवासी राजीव कुमार मुकेश व सुभाष कुमार निवासी सरायअचल को गिरफ्तार कर जबरन धर्मांतरण निषेध अधिनियम के तहत चारों को न्यायालय के आदेश ओर जेल भेज दिया गया है।

अन्य समाचार