मुख्यपृष्ठखेलक्लीन बोल्ड : यशस्वी नाइसवॉल

क्लीन बोल्ड : यशस्वी नाइसवॉल

अमिताभ श्रीवास्तव

७ छक्के, १९ चौके, २९० गेंद और २०९ रन। उम्र २२ साल। यह बायोडाटा है यशस्वी जायसवाल का, जिसे अब टीम इंडिया की सबसे कम उम्र की नाइसवॉल के नाम से जाना जाने लगा है। छक्के से शतक और चौके से दोहरा शतक पूरा करने वाले जायसवाल ने इतिहास रच दिया है। यह उनका टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक है। दरअसल, जायसवाल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले टीम इंडिया के तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। इस समय जायसवाल की उम्र २२ साल ३७ दिन है, वहीं टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले हिंदुस्थान के सबसे युवा बल्लेबाज विनोद कांबली हैं। कांबली ने २१ साल ३५ दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ दोहरा शतक लगाने का कमाल किया था। इसके अलावा इस मामले में दूसरे नंबर पर सुनील गावस्कर हैं। गावस्कर ने २१ साल और २८३ दिन की उम्र में टेस्ट में दोहरा शतक लगाया था। यशस्वी ने अपनी १९वीं टेस्ट पारी में करियर का पहला दोहरा शतक लगाने में सफलता पाई है। टेस्ट में इंडिया के लिए पहली बार २०० प्लस स्कोर बनाने में सबसे कम पारी करुण नायर ने खेली थी। करुण नायर ने अपने टेस्ट करियर के तीसरी ही पारी में दोहरा शतक पूरा कर लिया था।

आफत में सानिया पुत्र

इधर सानिया मिर्जा को पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने धोखा दिया तो उधर उनके बेटे का स्कूल जाना आफत का कारण बन गया। दरअसल, सानिया के तलाक के बाद उनका पुत्र स्कूल नहीं जा पा रहा है, क्योंकि वहां उसे चिढ़ाया जाने लगा है। अब यह खबर सानिया के मार्फत नहीं मिली है, बल्कि एक पाकिस्तानी पत्रकार यह दावा कर रहा है। सानिया के तलाक और शोएब मलिक की तीसरी शादी के बाद, उनके ५ साल के बेटे इजहान मिर्जा मलिक इससे प्रभावित होते दिख रहे हैं। पाकिस्तानी पत्रकार नईम हनीफ ने हाल ही में समा टीवी को दिए इंटरव्यू में सानिया से बातचीत का दावा किया। हनीफ के मुताबिक, इजहान को उसके स्कूल में इस हद तक परेशान किया जा रहा है कि उसने क्लास जाना बंद कर दिया है। नईम का कहना है कि सानिया ने अपने बेटे इजहान की मेंटल हेल्थ के बारे में चिंता व्यक्त की है। उन्होंने खुलासा किया कि उनके पिता की तीसरी शादी से जुड़ी खबरें उन्हें मेंटली परेशान कर रही हैं। चर्चा है कि सानिया अपने होमटाउन हैदराबाद लौट आई हैं।

शर्माजी का यूटर्न
न न ये वाले शर्माजी अपने रोहित शर्मा नहीं है, बल्कि चेतन शर्मा हैं। वही वाले जिनका, स्टिंग आपरेशन हुआ था। याद है न, क्रिकेट विश्वकप से पहले चयनकर्ता चेतन शर्मा का एक स्टिंग आपरेशन खूब वायरल हुआ था। इसमें चेतन ने टीम में विराट और रोहित के रिश्तों पर सनसनीखेज खुलासे किए थे। इसके बाद चेतन को अपना पद भी गंवाना पड़ा था। बताया गया कि चेतन से इस कारण खिलाड़ी नाराज भी हो गए थे। इसी बीच पूर्व क्रिकेटर ने विराट के साथ अपने रिश्तों पर अपनी बात रखी है। चेतन शर्मा ने अब यू टर्न ले लिया है। दिग्गज तेज गेंदबाज ने कहा कि विराट कोहली मेरे बेटे की तरह हैं और मैं उनके बारे में बुरी बातें क्यों कहूंगा? मैं हमेशा उनकी सलामती के लिए प्रार्थना करता हूं। मुझे उम्मीद है कि वह वापस आएंगे और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में १०० रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए शतक बनाएंगे। विराट भारतीय क्रिकेट के आइकन हैं। मैं उनकी वापसी का इंतजार कर रहा हूं।

(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार