उमेश गुप्ता/वाराणसी
वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में योगी सरकार के 8 साल पूरा होने पर विविध आयोजन हो रहे हैं। वाराणसी डिप्टी सीएम ने प्रेसवार्ता कर योगी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। तो महानगर कांग्रेस के लोगों ने भाजपा सरकार के आठ साल पर पोस्टर जारी करते हुए अपना विरोध जताया। महानगर कार्यालय में पोस्टर जारी करते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से कहा कि आज पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार अपने कामों का ढिंढोरा पीट रही है और अपनी पीठ थपथपा रही है। उसकी वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के लिए कांग्रेस ने एक पोस्टर जारी किया है। जिसे हम सभी प्रमुख चौराहे पर लगाने का काम करेंगे।
अध्यक्ष द्वय ने कहा आज पूरे प्रदेश में न महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही युवाओं के पास रोजगार है। महंगाई और अपराध पर काबू नहीं है। इसके अलावा जो अधिवक्ता न्याय दिलाने का काम करते हैं वो भी उत्पीड़न का शिकार हैं। लगातार उन्हें भी प्रताड़ित किया जा रहा है। इस सरकार के तानाशाही रवैये के खिलाफ हमलोगों ने हमेशा आवाज उठाई है। आज भी हम आवाज उठाएंगे और उनकी मनमानी नहीं चलने देंगे। उनके इस कार्यकाल में प्रदेश का विकास नहीं विनाश हुआ है।
इस दौरान कांग्रेस के सभी विंग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।