आप पार्टी ने दिल्ली में किया धरना प्रदर्शन
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देशभर में नीट परीक्षा को लेकर मामला गरमाया हुआ है। कई राज्यों में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी (आप) ने भी नीट पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। संजय सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक से देश के करोड़ों छात्रों का भविष्य बर्बाद हुआ है। यह बहुत बड़ा घोटाला है। पिछले २-३ सालों में करीब ३ करोड़ बच्चों का भविष्य पेपरलीक के कारण अंधकारमय हो गया है।
रद्द हो नीट की परीक्षा
संजय सिंह ने कहा कि गुजरात की एक लड़की है जिसको फिजिक्स की परीक्षा में एक नंबर मिला लेकिन नीट की परीक्षा में ७२० अंक मिल गए। यह नीट की परीक्षा केंद्र सरकार का घोटाला है। शिक्षा मंत्रालय के अधीन आने वाले एनटीए के अधिकारियों और भाजपा की राज्य सरकारों ने बच्चों के भविष्य और जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया है। इसलिए यह नीट की परीक्षा रद्द हो और फिर से कराई जानी चाहिए।
६७ बच्चों का ७२० अंक कैसे आ सकते हैं?
संजय सिंह ने आगे कहा कि २३ लाख ३३ हजार बच्चों ने नीट की परीक्षा दी। उससे पहले कोचिंग की और दिन-रात पढ़ाई भी की। पूरे देश में प्राइवेट और सरकारी मेडिकल कॉलेज मिलाकर कुल एक लाख बच्चे डॉक्टर की पढ़ाई के लिए चयनित होते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि ६७ बच्चों का ७२० अंक आ गए, जो टॉप कर गए।
४ जून को कैसे घोषित हुआ रिजल्ट
नीट का रिजल्ट १४ जून को आना था लेकिन चार जून को घोषित किया गया, जिससे कि मीडिया वाले चुनाव की कवरेज में लगे रहें और पेपर लीक चर्चा नहीं होगी। इसलिए एनटीए ने चार जून को जानबूझ कर प्रकाशित किया।