राधेश्याम सिंह / विरार
वसई में एक महिला वकील को डिजिटली गिरफ्तार कर 50 लाख रुपए ठगने का मामला अभी ताजा ही है कि डिजिटली गिरफ्तार करने का एक और मामला सामने आया है। विरार में रहने वाली 73 वर्षीय वृद्ध महिला को साइबर बदमाशों ने डिजिटली गिरफ्तार करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए ठग लिए। पिछले 8 महीनों में डिजिटल गिरफ्तारी के जरिए वित्तीय धोखाधड़ी की यह चौथी घटना है। मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 73 वर्षीय वृद्ध महिला है और विरार-पश्चिम में रहती हैं। 27 मार्च को साइबर बदमाश ने उन्हें फोन करके कहा कि वह नासिक पुलिस स्टेशन से बोल रहा है। उसने शिकायतकर्ता पर मनी लॉन्ड्रिंग और पोर्नोग्राफी समेत 20 अलग-अलग अपराध दर्ज होने का आरोप लगाया, फिर उसने एक वीडियो कॉल किया और वर्दीधारी पुलिस अधिकारी के सामने होने का नाटक किया। उसने उसे बताया कि उसे इस मामले में डिजिटल रूप से गिरफ्तार किया गया है।शिकायतकर्ता को विश्वास दिलाने के लिए उसके मोबाइल पर एक फर्जी एफआईआर, हाई कोर्ट के लेटरहेड के तहत एक दस्तावेज, एक फर्जी पुलिस पहचान पत्र आदि भेजा गया। फिर इस मामले से बाहर निकलने के लिए उन्होंने पैसों की मांग की। तीन दिनों में साइबर बदमाशों ने शिकायतकर्ता से 20 लाख 30 हजार रुपए ऐंठ लिए। शिकायतकर्ता ने यह पैसे विभिन्न बैंक खातों में भेजे। हालांकि, साइबर बदमाशों की तरफ से पैसे की मांग बढ़ती जा रही थी। इसलिए बाद में उन्हें शक हुआ, लेकिन तब तक वे 20 लाख रुपए गवां चुकी थी। ठगे जाने का अहसास होने पर उन्होंने बोलिंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। बोलिंज थाने के पुलिस निरीक्षक (अपराध) प्रकाश सावंत ने बताया कि हमने इस संबंध में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रहे हैं। डिजिटल गिरफ्तारी जैसी कोई चीज नहीं होती। नागरिकों को ऐसे दावों का शिकार नहीं होना चाहिए। अगर किसी को भी ऐसा कॉल आता है, तो उन्हें तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करना चाहिए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि लोग डर जाते हैं और साइबर बदमाश इसका फायदा उठाते हैं।
8 महीने में डिजिटल गिरफ्तारी…धोखाधड़ी की 4 घटनाएं
(1) 4 सितंबर, 2024 को वसई में रहने वाली एक आईटी विशेषज्ञ को बंगलुरु की आईबी अधिकारी बताकर 1 करोड़ 41 लाख रुपए की ठगी की गई। (2) 6 सितंबर, 2024 बैंक से रिटायर हुई एक बुजुर्ग महिला को साइबर बदमाशों ने डिजिटल गिरफ्तारी की धमकी देकर 28 लाख रुपए ठग लिए। (3) 7 अप्रैल, 2025 को एक महिला वकील ने सीबीआई अधिकारी बनकर डिजिटल गिरफ्तारी की आड़ में 50 लाख रुपए ठग लिए। (4) 11 अप्रैल, 2025 को नासिक पुलिस अधिकारी बताकर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से 20 लाख रुपए ठग लिए गए हैं।