सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना की अप्रैल माह की किश्त को लेकर सस्पेंस अब भी जारी है। इस पर राज्य की लाभार्थी बहनों की नजरें टिकी हुई हैं। कई बहनें यह जांचने के लिए बैंकों की कतारों में लग रही हैं कि उनके खातों में पैसे अब तक जमा नहीं हुए हैं।
सरकार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक अप्रैल माह की किश्त सरकार की ओर से जारी नहीं की गई है। इस विषय पर महिला और बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने भी मीडिया को बताया। यह योजना राज्य में जुलाई महीने से शुरू हुई है। इस योजना के तहत महाराष्ट्र की उन महिलाओं को, जिनकी वार्षिक आय ढाई लाख रुपए तक है, हर महीने १,५०० रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके लिए कुछ अन्य शर्तें भी शासन के निर्णयानुसार लागू की गई हैं। वर्तमान में राज्य की २ करोड़ ४७ लाख महिलाएं इस योजना के लिए पात्र मानी गई हैं। जुलाई से लेकर अब तक छह किश्तें पात्र महिलाओं के खातों में जमा की जा चुकी हैं। अप्रैल की यह सातवीं किश्त है, लेकिन अप्रैल का महीना समाप्त होने को है और अभी तक लाभार्थियों के खातों में राशि जमा नहीं हुई है। इसी कारण सरकार से लगातार सवाल पूछे जा रहे हैं।
नहीं बताई जमा करने की तारीख
इस मुद्दे पर जब कल मीडिया ने सवाल किया तो महिला और बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने कहा कि अप्रैल महीना खत्म होने से पहले पात्र महिलाओं के खातों में ‘मुख्यमंत्री लाडली बहन’ योजना की राशि जमा कर दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने कोई निश्चित तारीख नहीं बताई। अब जबकि महीने के खत्म होने में केवल ९ दिन शेष हैं, इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं कि आखिर कब राशि आएगी।