प्रधानमंत्री मोदी के अस्तित्व के चलते देश में कई चीजें अपने आप हो रही हैं। यानी घटनाएं घटती जाती हैं और फिर उनके भक्तों द्वारा यह घोषणा कर दी जाती है कि ‘यह मोदी के कारण हुआ है।’ कंगना बेन ने एलान कर ही दिया है कि मोदी कोई आम इंसान नहीं हैं। वे अवतारी पुरुष हैं। इसलिए मोदी कुछ भी कर सकते हैं। ‘२६-११’ आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा का अमेरिका से भारत में प्रत्यार्पण हो गया है। भारत का एक विशेष विमान उसे लेकर पहुंचा है। भारत में उतरने के बाद उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर ‘एनआईए’ ने गिरफ्तार कर लिया। भारत भर में भक्त और भजन मंडलियां राणा के प्रत्यर्पण का जश्न मनाने के तैयारी कर रही हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने कह दिया, ‘राणा का प्रत्यर्पण मोदी सरकार की कूटनीति की बड़ी सफलता है। मोदी सरकार भारत के स्वाभिमान, भूमि और लोगों पर हमला करनेवालों को दंडित करने के लिए प्रयत्नशील है।’ कुल मिलाकर, इन लोगों को लगता है कि अगर मोदी न होते तो राणा को भारत को नहीं सौंपा जाता। राणा को भारत लाने की लड़ाई मनमोहन सरकार के समय से ही चल रही है। उस वक्त भारत ने राणा के प्रत्यर्पण की मांग की थी। राणा ने भारत की मांग को अमेरिकी अदालत में चुनौती दी थी। ये सभी मामले अमेरिकी अदालत में १८ साल तक चले। इस लंबी अदालती लड़ाई के हर चरण में, भारत ने अपना पक्ष रखा और राणा का आवेदन खारिज कर दिया गया और अंतत: अपराधी भारत को सौंपना पड़ा। यह दोनों देशों के बीच एक कानूनी और राजनीतिक प्रक्रिया है। भारत में ऐसा कई बार हो चुका है। १९९३ के मुंबई सीरियल ब्लास्ट में दाऊद इब्राहिम के गुर्गे अबू सलेम का हाथ था। वह भेष बदलकर पुर्तगाल में रह रहा था। भारतीय जांच एजेंसियों ने उसका पता लगाया और सलेम के आतंकवादी कृत्य के सबूत पुर्तगाली सरकार के सामने रखे। वहां की अदालत में बहस हुई और अंतत: नवंबर २००५ में पुर्तगाल को
सलेम को भारत के हवाले
करना पड़ा। सलेम पर भारत में मुकदमा चलाया गया और दो आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। फिर तो इस महत्वपूर्ण प्रत्यर्पण को मनमोहन सरकार की कूटनीति की सफलता ही कहा जाएगा। बेशक, सलेम को भारत लाया गया था, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘सलेम महोत्सव’ नहीं मनाया, जो आज राणा के मामले में सोशल मीडिया पर चल रहा है। ‘२६-११’ के आतंकी हमलों में पाकिस्तान की भूमिका थी। कसाब और उसका गिरोह समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से निकलकर मुंबई पहुंचा। भारत पर होनेवाले हर हमले में पाकिस्तान का हाथ है। इस राणा को मुंबई पर हमला करने से पहले संभावित स्थानों की रेकी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। राणा ने इसके लिए डेविड हेडली का व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल किया। माना जा रहा है कि राणा को लाने से ‘२६-११’ हमले के पीछे पाकिस्तान की भूमिका को उजागर करने में मदद मिलेगी। राणा के कहने पर हेडली ने शिवसेना भवन की रेकी भी की थी। यानि पाकिस्तान शिवसेना भवन को बम से उड़ाना चाहता था। हेडली भारत में रेकी करने के बाद सीधे पाकिस्तान को फोन करने के बजाय राणा से संपर्क करता था। राणा हेडली द्वारा दी गई जानकारी को पाकिस्तानी गुर्गों तक पहुंचाता था और यह कार्य पूरा होने के बाद कसाब और उसका गिरोह भारत में मिशन पर निकला। इस जांच में मुंबई पुलिस का योगदान बहुत बड़ा है। अगर उन्होंने ‘२६/११’ के पीछे की साजिश की गहन खोजबीन नहीं की होती तो हेडली और राणा का नाम कभी सामने नहीं आता। २६ नवंबर, २००८ को दस पाकिस्तानी आतंकवादियों ने मुंबई पर हमला कर दिया था। इसमें १६४ निर्दोष नागरिक मारे गए। नौ आतंकी मारे गए। अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया। उस पर विधिवत मुकदमा चलाया गया और उसे भी फांसी पर लटका दिया गया। जब कसाब को फांसी दी गई तब महाराष्ट्र और देश में मोदी राज नहीं था। कसाब को फांसी दिए जाने के बाद ये खबर दुनिया के सामने आई। इतनी गोपनीयता बरती गई। अगर मोदी काल में कसाब को फांसी होती तो भक्त जश्न मनाते और उसका
श्रेय लेकर मौज
मनाते। कसाब पर जिस तरह से मुकदमा चलाया गया, उसका अध्ययन आज के हुक्मरानों को करना चाहिए। किस बात पर राजनीति करनी चाहिए यह सबक सिखाने का वक्त आ गया है। जिस कूटनीति से राणा को अमेरिका से भारत लाया गया, उसी कूटनीति का उपयोग करके नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, ललित मोदी को भारत क्यों नहीं लाया जाए? दाऊद इब्राहिम, टाइगर मेमन को घसीट कर लाने की बात की गई थी। ‘पाकिस्तान में घुसकर मारेंगे’ जैसी शेखियां भी बघारी गई थीं। इसे दाऊद, मेमन के मामले में सच कर बताएं। पूर्व नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव पाकिस्तान की जेल में बंद हैं। उनके साथ वास्तव में क्या हुआ, यह जानने का कोई तरीका नहीं है। इस मामले में मोदी-शाह आदि की कूटनीति या ‘दादागीरी’ क्यों काम नहीं कर रही? अगर कुलभूषण जाधव को वापस लाया गया तो भारत की जनता उत्सव मनाएगी और मोदी-शाह का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा देगी। राणा को लाना आसान था, लेकिन कुलभ्ाूषण जाधव को लाना एक साहसिक कार्य है। क्या यह संभव होगा? पुलवामा हमले में ४० जवान शहीद हो गए। उस हमले के असली गुनहगारों का पता नहीं चल पाया है। राणा भारत आया क्योंकि अमेरिका को उनकी जरूरत नहीं थी। भारत अपना मामला खुद देख लेगा। असल में राणा की जरूरत है बिहार, पश्चिम बंगाल चुनाव में मोदी की कूटनीति का गुणगान करने के लिए। इस मामले के बहाने चुनाव के दौरान हर दिन विस्फोटक जानकारी सामने लाना और मीडिया को उसमें उलझाए रखना एक पुराना खेल है। ‘२६-११’ हमले के आरोपी तहव्वुर राणा पर तुरंत मुकदमा चलाकर फांसी दी जानी चाहिए, लेकिन उसे फांसी देने के लिए भी मुहूर्त निकाला जाएगा, वह भी बिहार-पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले। भारतीय जनता को मूर्ख बनाया जा रहा है। ये मूर्खों को अति मूर्ख बनाने की कूटनीति है। अंतत: हमारा प्रश्न बना हुआ है। राणा को अमेरिका ने सौंप दिया। कुलभूषण जाधव को पाकिस्तानी सेना अफगानिस्तान से अगवा कर पाकिस्तान ले गई थी। बताएं उन जाधव को कब रिहा कराया जाएगा? ‘राणा फेस्टिवल’ का नाटक बाद में देखते हैं।