•तीन दिन तक विशेष अभियान
सामना संवाददाता/सुल्तानपुर
विस चुनाव अब महज दो साल दूर हैं, ऐसे में भाजपाइयों को का गांव-गली की याद सताने लगी है। पार्टी ने १३ अप्रैल तक शहरों में वार्डवार व ग्रामीणांचल में गांव-गांव में गलियों तक विशेष अभियान छेड़ दिया है। सुल्तानपुर जिले में १३ अप्रैल तक ३७२ शक्तिकेन्द्रों व १९९१ बूथों पर ये अभियान चलेगा। ३७२ शक्ति केन्द्रों पर प्रवासी के रूप में पार्टी पदाधिकारियों,पूर्व जिलाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि इस अभियान में बूथ समिति व पन्ना प्रमुख की बैठकें होंगी। मंदिर,अस्पताल, स्कूल एवं सेवा बस्ती में स्वच्छता अभियान चलेगा।दस लाभार्थियों से मिलने के साथ कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करेंगे।भाजपा ध्वज लेकर गलियों में शोभायात्रा निकाली जाएगी।इसके साथ वरिष्ठ लोगों,सेनानी व कारसेवकों का सम्मान और शाम को चौपाल आयोजित होंगी।पार्टी ने सभी शक्तिकेन्द्रों पर प्रवासी नियुक्त किये हैं।ये प्रवासी कार्यकर्ता १३ अप्रैल तक अपने निर्धारित शक्तिकेन्द्रों पर आठ घंटे प्रवास कर अभियान को सफल बनाएंगे। इसके अलावा गांव की जाति-वर्ग अनुसार जनसंख्या, जातियों के नेता,की वोटर्स, लाभार्थी आदि का डाटा एकत्रित करेंगे। इसी क्रम में अभियान की तैयारी का जायजा लेने गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने नगर के शाहगंज वार्ड का दौरा किया। उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कहा कि, अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता व पदाधिकारी पूरी ताकत से जुटें। वहीं प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने प्रवासी के रूप में शाहगंज वार्ड के संयोजक मुकेश रावत के आवास पर बैठक कर तैयारी को अंतिम रूप दिया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी,जिला मंत्री प्रदीप शुक्ला,नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल,प्रदीप मिश्रा,अजय विक्रम सिंह, आकाश,प्रवीण, वीरेन्द्र कोरी, किशोर कृष्ण भटनागर, नीरज श्रीवास्तव, शिवम रावत आदि मौजूद रहे।