मुख्यपृष्ठनए समाचारचुनाव खत्म, कार्रवाई शुरू... मुंबईकरों को बेघर करने की मनपा की साजिश!

चुनाव खत्म, कार्रवाई शुरू… मुंबईकरों को बेघर करने की मनपा की साजिश!

-झोपड़ाधारकों ने जताया विरोध

-भीड़ ने पुलिस और मनपा कर्मी पर किया पथराव

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई के पवई में पुलिस और मनपाकर्मियों पर भीड़ की तरफ से जमकर पथराव किए जाने की घटना सामने आई है। यह पथराव उस समय हुआ जब भीमनगर इलाके में टीम अतिक्रमण विरोधी अभियान चला रही थी। जानकारी के मुताबिक, इस पथराव में पांच पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। साथ ही इलाके में तनाव है। फिलहाल, पथराव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को मुंबई उपनगर के पवई इलाके में अतिक्रमण हटाने गई मनपा और पुलिस टीम पर पथराव किया गया। यह घटना पवई के भीमनगर इलाके में हुई। यहां के झोपड़ों पर कार्रवाई करने गए मनपा अधिकारियों को भीड़ के भारी गुस्से का सामना करना पड़ा। पवई में स्थित जय भीमनगर में कुछ झोपड़े तोड़ दिए गए थे। हालांकि, स्थानीय लोगों की भीड़ बस्ती के प्रवेश द्वार पर खड़ी हो गई और रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया। इसके बाद भीड़ ने मनपा अधिकारी पर पथराव कर दिया। इस वक्त मुंबई पुलिस के जवान फाइबर शील्ड के साथ खड़े हो गए थे, इसलिए मनपा अधिकारी बाल-बाल बच गए। हालांकि खबर है कि पथराव के इस मामले में पांच से छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।
ये है मामला
साल २००५ में श्रमिकों को पवई के जय भीमनगर क्षेत्र में अस्थायी ट्रांजिट वैंâप स्थापित करने की अनुमति दी गई थी। बाद में यहां झोपड़ों की एक बड़ी बस्ती बस गई। चूंकि यह जगह सरकारी कॉलोनी के लिए आरक्षित है इसलिए मनपा ने कई बार यहां अतिक्रमण हटाने की कोशिश की। हालांकि, हर बार यह प्रयास असफल रहा।
बरसात आते ही बेघर करने में जुटी मनपा की सारी मशीनरी
मुंबई मनपा ने पवई के जय भीमनगर में २५ सालों से रह रहे लगभग ८०० झोप़ड़ाधारकों को धारा ४८८ के तहत झोपड़ों को खाली करने का नोटिस जारी किया है। बरसात आते ही मनपा की सारी मशीनरी इन दलित-गरीबों और शोषित तत्वों को बेघर करने में जुट गई हैं। इस संबंध में स्थानीय निवासियों ने एक पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने मनपा और पुलिस पर दमनशाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक मशहूर बिल्डर के दबाव में मनपा, पुलिस और राजनेता झोपड़ों को हटाने के पीछे पड़ गए हैं, वहीं खुद को यहां का नेता कहने वाले कुछ लोग बिल्डर से सांठगांठ कर लाखों रुपए लेकर यहां से भागने की तैयारी में लग गए हैं। ऐसे समय में ये गरीब, असहाय झोपड़ावासी अकेले पड़ गए हैं। उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है।
झोपड़पट्टी बाहुल्य है आधा पवई
पवई को मुंबई शहर में एक पॉश क्षेत्र के तौर पर जाना जाता है, लेकिन आधे से अधिक पवई में झोपड़पट्टी और चाल हैं। यहां रमाबाई आंबेडकर नगर, गौतम नगर, इंदिरा नगर, महात्मा फुले नगर, मोरारजी नगर, हरिओम नगर झोपड़पट्टी बाहुल्य क्षेत्र हैं।
झोपड़पट्टी में दो माह पहले लगी थी आग
दो महीने पहले इस झोपड़पट्टी में आग लगने की घटना हुई थी, जिसके बाद यहां मौजूद झोपड़ों को मनपा की ओर से जगह खाली करने का कई बार नोटिस भेजा गया था। इसके बाद कल जब अधिकारी कार्रवाई के लिए पहुंचे तो भीड़ ने उन पर पथराव कर दिया। निवासियों द्वारा हमला किए जाने के बाद कार्रवाई को तुरंत रोक दिया गया।

अन्य समाचार