सामना संवाददाता / मुंबई
वाल्मीक कराड की गिरफ्तारी के बाद परली की जनता के बीच डर का माहौल कम नहीं हुआ है। सालों से यहां के व्यापारी और जनता गुंडों के दबाव में थे। कराड और पिल्लावली की वजह से यहां के करीब ५०० व्यापारी अपने घर-बार छोड़कर चले गए। इसके बाद इस गिरोह ने उनकी जगह पर कब्जा कर लिया। इस तरह का दावा भाजपा विधायक सुरेश धस ने किया है। धस ने कहा कि धनंजय मुंडे ने जो गिद्ध पाले हैं, इन गिद्धों ने हमारे आदमी को मार डाला। संतोष देशमुख को बेरहमी से खत्म कर दिया गया। परली में इतनी हत्याएं हुई हैं कि उनकी एक सूची ही देनी पड़ेगी। परली में ही क्यों हत्याएं होती हैं? इस तरह का सवाल भी उन्होंने उठाया है।
विधायक धस ने कहा कि सर्वदलीय विधायक मांग कर रहे हैं कि संतोष देशमुख हत्या मामले में धनंजय मुंडे को इस्तीफा देना चाहिए। उनके साथ ही कई संगठनों ने भी यह मांग की है। पुलिस के पास इस मामले की जांच चल रही है। एसआईटी की टीम जांच में जुट चुकी है और अगर आगे कार्रवाई होती है तो मैं बोलूंगा। धस ने यह भी कहा कि यदि धनंजय मुंडे दोषी हुए तो उन पर कार्रवाई होगी।
कृष्णा आंधले कई अपराधों में फरार
विधायक धस ने कहा कि संतोष देशमुख हत्या मामले की जांच पुलिस द्वारा सही तरीके से नहीं चल रही है। कृष्णा आंधले नामक आरोपी फरार है, जो इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर कलंक है। वह कोई नामचीन गुंडा नहीं है। कभी न कभी वह पकड़ा ही जाएगा। कृष्णा आंधले छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था, लेकिन अपराध की ओर मुड़ गया और साइको हो गया। वह कई अपराधों में फरार था। उसका माता-पिता से कोई लेना-देना नहीं है। हम पुलिस विभाग पर उम्मीद लगाकर बैठे हैं कि वे उसे ढूंढ़ निकालेंगे। देशमुख हत्या मामले के आरोपियों को फांसी पर चढ़ाए बिना हम चैन से नहीं बैठेंगे।