लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में बुजुर्ग ग्रामीण ने बुधवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद उसके दो पुत्रों ने भी जान दे दी। शुक्रवार सुबह छोटे पुत्र का शव रेल पटरी पर मिला। बड़ा पुत्र घर में फंदे से लटका मिला। एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें एक महिला सिपाही और उसके परिवार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। एक दिन पहले बुजुर्ग की आत्महत्या के बाद पुलिस ने महिला सिपाही समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था।
दो दिन में पिता-पुत्रों की मौत से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि मकान को लेकर विवाद था। इस मामले में समझौते के बाद रामनरेश ने आत्महत्या कर ली थी। चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सुधीर का शव शुक्रवार को रेल पटरी पर मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है कि रमेश भैया मुकेश का ख्याल रखना है। हम जा रहे हैं। आरती, शिवम और रामदेवी पर कठोर कार्रवाई कराना। रामदेवी ने हमारा घर बर्बाद कर दिया। पापा को मार दिया। रामदेवी से ५० हजार रुपए ले लेना। जमीन विवाद में मेरे पिता की मृत्यु हो गई। रामदेवी और आरती के कहने पर हम आत्महत्या करने जा रहे हैं। आरती ने मेरा सबकुछ बर्बाद कर दिया।