सामना संवाददाता / अमदाबाद
गुजरात से एक ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यहां चार बच्चों ने खेल-खेल में खुद को एक कार के अंदर बंद कर लिया, जिसके चलते दम घुटने से चारों की मौत हो गई। घटना उस वक्त की है जब माता-पिता बच्चों को छोड़कर काम पर बाहर गए थे। घर वापस लौटे तो उन्हें कार के अंदर ही चारों बच्चों के शव मिले। मामला अमरेली तालुका के रंधिया गांव का है। चारों बच्चों की उम्र २ से सात साल के बीच की बताई जा रही है। जान गंवाने वाले बच्चों में सात और चार साल की २ लड़कियां सुनीता, सावित्री और पांच साल के २ लड़के कार्तिक और विष्णु शामिल थे। पुलिस उपाधीक्षक चिराग देसाई ने बताया कि यह घटना अमरेली के रंधिया गांव में हुई और इसमें जान गंवाने वाले बच्चे मध्य प्रदेश के रहने वाले एक कृषि श्रमिक पति-पत्नी के थे। घटना के वक्त माता-पिता घर पर नहीं थे। बच्चे खेल-खेल में कार के अंदर लॉक हो गए और फिर काफी कोशिशों के बाद भी बाहर नहीं आ पााए। आखिर में दम घुटने के चलते चारों की मौत हो गई। देसाई ने कहा कि माता-पिता सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने सात बच्चों को घर पर छोड़कर भरत मंदानी के खेत में काम करने चले गए थे। चार बच्चे घर के पास खड़ी खेत मालिक की कार में बैठ गए। देसाई ने बताया कि चारों पीड़ित दो से सात साल की उम्र के थे और उन्होंने कार को अंदर से बंद कर लिया था, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई।