सामना संवाददाता / पुणे
पुणे में जमानत पर जेल से छूटे मकोका आरोपी के साथियों ने उसका जुलूस निकालकर स्वागत किया। इस मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों को गिरफ्तार किया, फिर उनका जुलूस भी निकाला। बताया जाता है कि आरोपी ने अपने ५० साथियों के साथ मिलकर जुलूस निकाला था। उन्होंने चार पहिया और दोपहिया वाहनों द्वारा रैली भी निकाली थी। जानकारी मिलते ही येरवडा पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
आरोपी युवक येरवडा जेल में मकोका के केस में बंद था। उसे जमानत मिली थी। आरोपी जब जेल से छूटा तो उसके करीब ५० साथी उसे लाने पहुंचे। उन्होंने खुशी जताते हुए उसका जुलूस निकाला। स्वागत जुलूस करने वाले आरोपी को येरवडा पुलिस ने फिर से गिरफ्तार कर लिया है। इस बार पुलिस ने उसे और उसके साथियों को जुलूस निकालकर ही गिरफ्तार किया है। पुलिस की ये कार्रवाई लोगों के बीच चर्चा में बनी हुई है।
मकोका आरोपी ने जब स्वागत जुलूस निकाला तो इलाके में हड़कंप मच गया। उस पर कानून की खिल्ली उड़ाने का भी आरोप लगा। ऐसे में पुणे पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ५० साथियों के साथ रैली निकालने वाले अपराधी के खिलाफ येरवडा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया, जिसके बाद उन्हें भारतीय न्याय संहिता के तहत कई तरह से नियमों के उल्लंघन पर गिरफ्तार किया गया।