सामना संवाददाता / मुंबई
पिछले कुछ दिनों से औरंगजेब की कब्र को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कुछ संगठनों ने औरंगजेब की कब्र को तोड़ने की मांग की थी। कुछ दिन पहले नागपुर में दंगा हुआ था। साथ ही बीड जिले में संतोष देशमुख हत्याकांड भी अभी चर्चा में है। इन सभी घटनाओं की पृष्ठभूमि में अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर जोरदार हमला बोला है।
महाराष्ट्र का गृह विभाग घासीराम चला रहे है क्या? ऐसा सवाल सपकाल ने पूछा है। साथ ही हर्ष वर्धन सपकाल ने यह भी बड़ी मांग की है कि महाराष्ट्र का गृह विभाग राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहा है और अब महाराष्ट्र को पूर्णकालिक गृह मंत्री मिलना चाहिए।
पूर्णकालिक गृह मंत्री चाहिए
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कोई पूर्णकालिक गृह मंत्री नहीं है। महाराष्ट्र में पूर्णकालिक गृह मंत्री होना चाहिए। कुछ दिन पहले बीड जिले में संतोष देशमुख की हत्या का मामला हुआ था, इसके साथ ही महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अलग-अलग घटनाएं हुई हैं। महाराष्ट्र में हो रही घटनाओं को देखते हुए हमने गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की है और अब भी कर रहे हैं।
फडणवीस को जवाब देना होगा
अब एक बार फिर हमारे पास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिए एक नया सवाल है। उस प्रश्न का उत्तर देवेंद्र फडणवीस को देना चाहिए। क्या महाराष्ट्र का गृह विभाग घासीराम कोतवाल द्वारा चलाया जाता है? ऐसा सवाल फिलहाल महाराष्ट्र के हालात को देखकर उठ रहा है। हर्षवर्धन सपकाल ने आलोचना की है कि गृह विभाग वर्तमान में महाराष्ट्र में घासीराम कोतवाल के प्रशासन के अधीन है।