अभिषेक कुमार पाठक / मुंबई
कुर्ला बस हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें एक ऐसी महिला भी है, जो उस वक्त अपना एमआरआई और सीटी स्कैन कराने के लिए ऑटो में जा रही थी। हादसे में ऑटोरिक्शा पलट गया और वह अस्पताल पहुंच गई। इस महिला का नाम बशीरा शेख है।
इस हादसे में बशीरा शेख गंभीर रूप से घायल हो गर्इं। उन्होंने बताया, ‘हम रिक्शा में थे, तभी बस ने पीछे से टक्कर मारी। इससे हमारा रिक्शा पलट गया और मेरे सिर पर चोट लगी।’ इसी तरह से दुकान सहायक अमन, जो मस्जिद बंदर से काम खत्म कर लौट रहे थे, बस की टक्कर से रिक्शा और एक कार के बीच फंस गए। उन्होंने भावुक होकर बताया, ‘बस की टक्कर के बाद मैं फंस गया और बेहोश हो गया। होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया।’
भीड़ में तेज गति से बस चलाना खतरनाक
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुर्ला रेलवे स्टेशन के पास हमेशा यातायात अव्यवस्थित रहता है। स्टेशन परिसर में रिक्शा स्टैंड और बस स्टॉप पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े रहते हैं। इसके अलावा, मनपा के स्थानीय कार्यालय के आसपास फेरीवालों की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
‘सड़क पर इतनी भीड़भाड़ के बावजूद बस को इतनी तेज गति से चलाना हादसे को न्योता देने जैसा है। स्थानीय निवासी हुसैन खान ने कहा, ‘अगर यह हादसा शाम के पीक आवर्स में होता, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी’। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और नगर निगम प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए। रिक्शा और फेरीवालों की वजह से यह हादसा और गंभीर हो गया। बस चालक के साथ-साथ पुलिस और मनपा प्रशासन भी उतने ही जिम्मेदार हैं।
मस्जिद बंदर से काम खत्म कर लौट दुकान सहायक अमन बस की टक्कर से रिक्शा और एक कार के बीच फंस गए। उन्होंने भावुक होकर बताया, ‘बस की टक्कर के बाद मैं फंस गया और बेहोश हो गया। होश आने पर खुद को अस्पताल में पाया।’