मुख्यपृष्ठनए समाचारहाथरस दुर्घटना : राजनैतिक दल ने बाबा को दोषी नहीं माना...विपक्ष ने...

हाथरस दुर्घटना : राजनैतिक दल ने बाबा को दोषी नहीं माना…विपक्ष ने सरकार को जिम्मेदार बताया

-महिला आयोग ने की बाबा के गिरफ्तारी की मांग!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाथरस में हुए हादसे की बहुत दर्दनाक और दुःखद बताया है। उन्होंने कहा कि हादसे को लेकर हमें और हमारी पार्टी को बहुत दुःख है। जिन लोगों की जान गयी है, उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। इस घटना में पूरी सरकार और प्रशासन की लापरवाही है। सरकार और प्रशासन को पता है कि जब कभी इस तरह के कार्यक्रम होते हैं, बड़ी संख्या में लोग आते हैं। सरकार के पास जानकारी थी उसके बावजूद जरूरी इंतजाम नहीं किए गए। लापरवाही की वजह से जो जानें गई हैं, उसकी जिम्मेदार सरकार है। जानें बच सकती थीं, लेकिन सरकार एम्बुलेंस और गाड़ियों की व्यवस्था नहीं कर पाई, जो घायल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, उन्हें पर्याप्त इलाज नहीं मिला। न दवाएं मिलीं न ऑक्सीजन मिली। लोगों को बचाने का कोई इंतजाम नहीं था। इस सबके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार दुनिया में विश्व गुरु बन जाने की बात करती है।
बड़े-बड़े दावे करती है कि दुनिया में भारत पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गयी, तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि यह सरकार आपात स्थिति में लोगों को ठीक से इलाज नहीं दे सकती। लोगों को कोई सुविधा नहीं दे सकती। भाजपा सरकार ने पूरा सिस्टम बर्बाद कर दिया है। यह कैसी अर्थव्यवस्था है, जहां न अस्पताल है न दवाई है। न इलाज और न ऑक्सीजन है। भाजपा सरकार के सभी दावे झूठे हैं। इस सरकार में झूठ और लूट के अलावा कुछ नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है। हर विभाग और हर जगह भ्रष्टाचार है।
हाथरस सत्संग में अगर अनुमति 50 हजार लोगों के पहुंचने की थी, लेकिन अगर ज्यादा लोग आये तो प्रशासन क्या कर रहा था? रोका क्यों नहीं? अगर ज्यादा संख्या में लोग आ रहे थे तो प्रशासन ने फोर्स क्यों नहीं बढ़ायी? बैरिकेडिंग क्यों नहीं बढ़ायी? बैरिकेडिंग क्यों नहीं की। सरकार की जिम्मेदारी थी। सरकार अपनी जिम्मेदारी दूसरों पर न डालें। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हाथरस दुर्घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। बीते दिन हाथरस में आयोजित सत्संग में 121 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 28 लोग घायल हो गए थे।
हाथरस हादसे पर राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा कि नारायण हरि साकार जो भी हो। उसने एक गैरकानूनी गतिविधि की है। मुझे लगता है कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। तत्काल ही गिरफ्तार किया जाना चाहिए। साथ ही पता लगाया जाए कि आखिर ये सब किसके कहने पर हो रहा था। इसके पीछे की क्या योजना थी। हाथरस दुर्घटना पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी को शोक संदेश भेजा है।
शोक संदेश में पुतिन ने लिखा है कि हाथरस में हुई दुर्घटना में घायल लोग जल्द ही ठीक हो जाए। इस दुखद दुर्घटना पर हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, ‘हाथरस, उत्तर प्रदेश में सत्संग के दौरान भगदड़ की वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को उचित मुआवजा देने एवं घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस के हादसे पर कहा, ‘इस पूरी घटना की तह तक जाने के लिए शासन स्तर पर हमने कल भी व्यवस्था बनाई थी, लेकिन हमारी प्राथमिकता राहत-बचाव कार्य थी। इस हादसे में 121 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई, जो उत्तर प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश से जुड़े हुए थे।’ ‘सीएम ने कहा, ‘इस कार्यक्रम में जो सज्जन अपना उपदेश देने आए थे, उनकी कथा संपन्न होने के बाद उनके मंच से उतरने के पर, उन्हें छूने के लिए महिलाओं का एक दल आगे बढ़ा, तभी उनके पीछे एक भीड़ गई।
इसी दौरान वे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ते गए। सेवादार भी लोगों को धक्का देते रहे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस पूरी घटनाक्रम के लिए एडीजी आगरा की अध्यक्षता में एक एसआईटी गठित की गई है, जिसने प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी है। कई पहलू हैं, जिन पर जांच होना आवश्यक है।’ योगी ने कहा कि इस पूरे हादसे में उत्तर प्रदेश के साथ साथ हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश से भी जुड़े हुए थे। वहीं प्रदेश में हाथरस, बदायूं, कासगंज, अलीगढ़, एटा, ललितपुर, फैजाबाद, आगरा जनपद के लोग शामिल हैं। हाथरस के जिला अस्पताल में कई लोगों का इलाज चल रहा है।

अन्य समाचार