मुख्यपृष्ठनए समाचारकर्नाटक में भाजपा ने २-२ करोड़ में बेचे थे टिकट!

कर्नाटक में भाजपा ने २-२ करोड़ में बेचे थे टिकट!

सामना संवाददाता / बंगलुरु 
बंगलुरु पुलिस ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के भाई और बहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बताया जाता है कि जेडीएस के एक पूर्व विधायक की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर यह गिरफ्तारी हुई है। इस मामले में मंत्री प्रल्हाद जोशी के भाई गोपाल जोशी और बहन विजयलक्ष्मी पर बसवेश्वरनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एफआईआर में गोपाल के बेटे अजय जोशी का भी नाम है। शिकायतकर्ता का नाम  सुनीता चव्हाण है जो नागथाना के पूर्व विधायक देववंद फूल सिंह चव्हाण की पत्नी हैं। शिकायत के मुताबिक, वे २०२३ का विधानसभा चुनाव हार गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि गोपाल ने उन्हें मई में होने वाले लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिलाने का वादा किया था। गोपाल ने मार्च में उत्तरी कर्नाटक में उनके हुबली स्थित आवास पर उनसे संपर्क किया था और बाद में उनके निर्देश पर यहां बसवेश्वरनगर में विजयलक्ष्मी के घर पर २५ लाख रुपए पहुंचाए गए थे। सुनीता का कहना है कि जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो उन्होंने दोबारा गोपाल से संपर्क किया, जिसने उन्हें बताया कि उन्हें २०० करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट मिलने वाला है और वह उनकी रकम लौटा देगा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसने उनसे १.७५ करोड़ रुपए का भुगतान करने के लिए कहा, जो उन्होंने किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद गोपाल २० दिनों में पैसे वापस करने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहा। बंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ऐसा लगता है कि दो करोड़ रुपए विभिन्न किस्तों में दिए गए थे, जिसकी भी जांच चल रही है। वहीं केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के परिजनों के खिलाफ एफआईआर के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बंगलुरु के गांधी भवन में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री जोशी को केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और उनके परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग की है।

अन्य समाचार