रमेश ठाकुर / नई दिल्ली
फोर्ब्स ने 2025 की दुनिया के टॉप-10 शक्तिशाली देशों की लिस्ट सार्वजनिक की है, जिसमें भारत शामिल नहीं है। फोर्ब्स के मुताबिक, बीते कुछ समय से भारत कई क्षेत्रों में पिछड़ गया है। भारत के लिस्ट से बाहर होने पर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा शक्तिशाली देशों की कतार से भारत का बाहर होना शर्म की बात है। उन्होंने कहा मौजूदा सरकार ने सिर्फ झूठ के महल खड़े किए हैं, जो अब भरभराकर गिरने शुरू हो गए हैं।
बता दें, 195 देशों में से शीर्ष 10 सबसे शक्तिशाली देशों की रैंकिंग यूएस न्यूज ने तैयार की है, लेकिन हैरत की बात है कि इसमें भारत का नाम नहीं है। इसी के चलते इस सूची पर सवाल उठ रहे हैं। इस सूची को बनाने में कई पैमानों का इस्तेमाल किया गया है और भारत को इसमें जगह नहीं मिली है। हालांकि, दुनिया की सबसे बड़ी आबादी, चौथी सबसे बड़ी सैन्य ताकत और पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश भारत को टॉप 10 से बाहर रखने पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लिस्ट में भारत का स्थान 12वां है।