ऑटो, ऊर्जा और आईटी शेयरों में आई गिरावट
सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को आई जबरदस्त गिरावट के कारण निवेशकों के एक ही दिन में ४.५६ लाख करोड़ रुपए डूब गए। सेंसेक्स करीब ८८६ अंक गिरकर ८०,९८१.९५ पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी में भी करीब २९३ अंकों की गिरावट आई। यह २४,७१७.७० अंक पर बंद हुआ। भारतीय शेयर बाजार में आई इस गिरावट का सबसे बड़ा कारण अमेरिका है। दरअसल, अमेरिका में इस समय मंदी के बादल छाए हुए हैं, वहीं अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई में भी गिरावट आई है। साथ ही यहां बेरोजगारों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। इस कारण कल अमेरिकी शेयर मार्केट में भी गिरावट आई थी, इसका असर भारतीय शेयर मार्केट में देखने को मिला और चौतरफा बिकवाली हुई। इससे भारतीय शेयर मार्केट में गिरावट आ गई।
कल ऑटो, ऊर्जा और आईटी शेयरों में गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट के कारण बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण ४.५६ लाख करोड़ रुपए घटकर ४५७.०६ लाख करोड़ रुपए रह गया। फार्मा और हेल्थकेयर को छोड़कर सभी प्रमुख क्षेत्रीय सूचकांकों में गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी रियल्टी, ऑटो, मेटल और आईटी में सबसे अधिक गिरावट आई। इनके शेयर २ज्ञ् से ३.५ज्ञ् के बीच गिरे। व्यापक, घरेलू स्तर पर केंद्रित निफ्टी स्मॉलकैप १०० और निफ्टी मिडकैप १०० में क्रमश: ०.८% और १% की गिरावट आई।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट
अमेरिका में आई गिरावट का असर एशियाई मार्केट पर भी पड़ा। इससे एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट आई, जिससे आर्थिक परिदृश्य के बिगड़ने की आशंका बढ़ गई। जापान के निक्केई शेयर औसत में कल लगभग ६ज्ञ् की गिरावट आई और यह चार साल से अधिक समय में सबसे खराब सत्र रहा। अमेरिकी, यूरोपीय और अन्य एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली के कारण भी भारतीय शेयर मार्केट में गिरावट आई।