मुख्यपृष्ठअपराधकल्याण निर्भया कांड : आरोपियों के खिलाफ 948 पन्नों की चार्जशीट दाखिल

कल्याण निर्भया कांड : आरोपियों के खिलाफ 948 पन्नों की चार्जशीट दाखिल

सामना संवाददाता / कल्याण

-फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई…सरकारी वकील उज्ज्वल निकम करेंगे पैरवी–डीसीपी अतुल झेंडे

कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 24 दिसंबर 2024 को एक महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें पुलिस ने विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो कानून की धाराओं में केस दर्ज किया था। इस मामले की जांच के दौरान पीड़िता का शव पड़घा पुलिस स्टेशन सीमा के बापगांव इलाके में मृत अवस्था में मिला था। कोलसेवाड़ी पुलिस ने तकनीकी जांच कर इस अपराध में आरोपी विशाल अभिमान गवली और उसकी पत्नी साक्षी विशाल गवली को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल गवली ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य नष्ट करने के उद्देश्य से अपनी पत्नी साक्षी गवली की मदद से शव को बापगांव क्षेत्र में फेंक दिया।
पुलिस को इस मामले में ठोस सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर 21 फरवरी 2025 को 948 पन्नों का आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। इस मामले की जांच अपर पुलिस आयुक्त पूर्व प्रादेशिक विभाग संजय जाधव, पुलिस उपायुक्त परिमंडल-3 अतुल झेंडे और सहायक पुलिस आयुक्त कल्याण विभाग कल्याणजी घेटे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश न्हायदे और उनकी टीम ने की है। इस केस की सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट में होगी और न्यायालयीन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने विशेष सरकारी वकील के रूप में एड. उज्ज्वल निकम की नियुक्ति की है।

अन्य समाचार